कांग्रेस नेता संजय निरुपम ने सेना के सर्जिकल स्ट्राइक को बताया फर्जी
नई दिल्ली। कांग्रेस नेता संजय निरुपम ने एलओसी पर पाकिस्तानी इलाके में आतंकियों के खिलाफ भारतीय सेना के सर्जिकल स्ट्राइक को लेकर विवादास्पद बयान दिया है।

निरुपम ने ट्वीट करके सेना का सर्जिकल स्ट्राइक फर्जी बताया है। उन्होंने कहा है सियासी फायदा उठाने के लिए भाजपा फर्जी सर्जिकल स्ट्राइक की बात कर रही है।
'भाजपा का फर्जी सर्जिकल स्ट्राइक'
संजय निरुपम ने सेना के सर्जिकल स्ट्राइक को भाजपा की सियासी चाल बताया है। उन्होंने ट्वीट किया, 'हर भारतीय पाकिस्तान के खिलाफ सर्जिकल स्ट्राइक चाहता है लेकिन वह फर्जी सर्जिकल स्ट्राइक नहीं जिसे भाजपा ने राजनीतिक फायदा उठाने के लिए गढ़ा है। भाजपा राष्ट्रहित के नाम पर राजनीति कर रही है।'
'राष्ट्रहित की आड़ में राजनीति कर रही भाजपा'
संजय निरुपम ने अपने ट्वीट में उत्तर प्रदेश में भाजपा द्वारा लगाए गए दो पोस्टर्स भी पोस्ट किए हैं।
भाजपा नेताओं की तरफ से लगाए गए इन पोस्टर्स में नरेंद्र मोदी, मनोहर पर्रिकर और भारतीय सेना की तस्वीरों के साथ सर्जिकल स्ट्राइक के लिए बधाई संदेश लिखे गए हैं।
संजय निरुपम ने इशारा किया है कि भाजपा सर्जिकल स्ट्राइक का प्रचार करके उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में फायदा उठाने में लगी हुई है।
'भारत असली सर्जिकल स्ट्राइक चाहता है'
सोमवार को संजय निरुपम ने बारामूला अटैक हैशटैग के साथ इसी तरह की बात कही थी।
उन्होंने ट्वीट किया था, 'भारत पाकिस्तान को रुला देनेवाला हकीकत की सर्जिकल स्ट्राइक चाहता है न कि पिछले जैसा सर्जिकल स्ट्राइक जिसको उसने मानने तक से इनकार कर दिया।'
अपनी ही पार्टी के स्टैंड के विरुद्ध निरुपम का बयान
कांग्रेस नेता संजय निरुपम का यह विरोधी बयान ऐसे समय में आया है जब कांग्रेस पार्टी ने सर्जिकल स्ट्राइक पर सेना की सराहना की है। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने भी मोदी सरकार के इस कदम का समर्थन किया।
कांग्रेस ने निरुपम के बयान पर जताई कड़ी आपत्ति
कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सूरजेवाला ने संजय निरुपम के बयान की आलोचना की है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने उनके इस टिप्पणी पर गंभीर आपत्ति जताई है।
सूरजेवाला ने कहा है कांग्रेस को सेना पर पूरा भरोसा है। ये न तो पहला सर्जिकल स्ट्राइक था और न ही ये आखिरी सर्जिकल स्ट्राइक होगा।
मोदी सरकार का समर्थन करते हुए सूरजेवाला ने कहा कि पहली बार भारत सरकार पाकिस्तान के झूठे प्रचारों को बेनकाब कर रही है और सबूतों को सामने रख रही है।
भाजपा ने की निरुपम के बयान की आलोचना
बयान पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि संजय निरुपम ऐसा करके भारतीय सेना की विश्वसनीयता पर उंगली उठा रहे हैं।
पात्रा ने कहा, 'अपने देश के साथ किसी को ऐसा नहीं करना चाहिए। नेता स्ट्राइक करने नहीं जाते हैं। ऐसा बयान देकर जवानों की शहादत पर आप सवाल खड़ा कर रहे हैं।'












Click it and Unblock the Notifications