महाराष्ट्र कांग्रेस के नेता संजय निरुपम का सोनिया पर निशाना....लगता है पार्टी छोड़ने के दिन ज्यादा दूर नहीं
नई दिल्ली- मुंबई कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और महाराष्ट्र कांग्रेस के नेता संजय निरुपम ने पार्टी नेतृत्व के खिलाफ बगावत का झंडा उठा लिया है। उन्होंने कहा है कि ऐसा लगता है कि कांग्रेस पार्टी को अब उनकी जरूरत नहीं रह गई है। दरअसल, वे उम्मीदवारों को टिकट देने में नेतृत्व की ओर से उन्हें भाव नहीं दिए जाने को लेकर बेहद खफा हैं। उन्होंने कहा है कि वे फौरन तो पार्टी नहीं छोड़ने जा रहे हैं, लेकिन अगर लीडरशिप का रवैया इसी तरह का रहा तो उन्हें पार्टी छोड़ने का निर्णय भी करना पड़ सकता है।

लोकसभा चुनाव के समय से शुरू हुई मुंबई कांग्रेस की अंदरूनी जंग अब पार्टी को भारी नुकसान पहुंचा रहा है। इससे पहले मुंबई कांग्रेस के नेताओं पर गंभीर सवाल उठाकर अभिनेत्री से नेता कांग्रेस नेता बनीं उर्मिला मातोंडकर भी पार्टी छोड़ चुकी हैं। अब संजय निरुपम ने कहा है कि जब नेतृत्व उनकी एक सिफारिश तक मानने को भी तैयार नहीं है तो आने वाले दिनों में उन्हें पार्टी छोड़ने तक का भी कदम उठाना पड़ सकता है।
संजय निरुपम ने दो ट्वीट करके नेतृत्व पर अपनी भड़ास निकाली है। निरुपम ने पार्टी नेतृत्व पर आरोप लगाया है कि, "ऐसा लगता है कि कांग्रेस पार्टी को मेरी सेवाओं की जरूरत नहीं रह गई है। मैंने विधानसभा चुनाव के लिए मुंबई से सिर्फ एक नाम की सिफारिश की थी। सुना है कि उसे भी नामंजूर कर दिया गया है। जैसा की मैंने लीडरशिप को पहले ही बता दिया था कि ऐसा होने पर मैं चुनाव प्रचार में शामिल नहीं होऊंगा। ये अंतिम फैसला है।"
उन्होंने दूसरे ट्वीट में लिखा है, "मुझे उम्मीद है कि वह दिन अभी नहीं आया है कि मुझे पार्टी को गुड बाय करना पड़े। लेकिन, नेतृत्व मेरे साथ जिस तरह से व्यवहार कर रहा है, उससे लगता है कि वह दिन भी ज्यादा दूर नहीं है।" बता दें कि निरुपम की नाराजगी की वजह ये भी है कि उन्हें लोकसभा चुनाव से ठीक पहले मुंबई कांग्रेस के अध्यक्ष पद से हटाकर मिलिंद देवड़ा को कमान दे दिया गया था और अभी निरुपम के पास पार्टी में कोई खास पद भी नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications