कास्टिंग काउच पर बोलीं रेणुका, संसद भी इससे बची हुई नहीं है
Recommended Video

नई दिल्ली। कास्टिंग काउच के मुद्दे पर जानी-मानी कोरियोग्राफर सरोज खान ने कुछ ऐसी टिप्पणी की, जिसको लेकर हंगामा मच गया है। सोशल मीडिया हो या फिर फिल्मी दुनिया से जुड़े लोग, सभी की आलोचना के केंद्र में सरोज खान हैं। इस बीच कांग्रेस नेता रेणुका चौधरी ने भी सरोज खान के बयान पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि कास्टिंग काउच सिर्फ फिल्म इंडस्ट्री में नहीं है। यह हर जगह होता है। संसद भी इससे बची हुई नहीं है।

सरोज खान के बयान पर बोलीं रेणुका चौधरी
कास्टिंग काउच को लेकर कोरियोग्राफर सरोज खान के बयान पर टिप्पणी करते हुए कांग्रेस नेता रेणुका चौधरी ने कहा कि ये कड़वा सच है। ऐसा मत सोचिए कि संसद या फिर दूसरी काम करने की जगहें इससे बची हुई है। यह समय है कि भारत खड़ा हो और कहे 'Me Too'। रेणुका चौधरी ने सीधे तौर पर कहा कि कास्टिंग काउच सिर्फ फिल्म इंडस्ट्री में नहीं है। यह हर जगह होता है, ये एक कड़वा सच है। रेणुका चौधरी ने कहा कि कास्टिंग काउच एक शब्दावली है, जो महिलाओं से उनका विशेषाधिकार लेता है। महिला होने के नाते मेरी प्रतिष्ठा संसद में तब ले लगी गई थी जब प्रधानमंत्री ने अपमानजनक तरीके से बात की थी। पीएम ऐसा कैसे कह सकते हैं कि मैं शूर्पणखा की याद दिलाती हूं।

'कास्टिंग काउच सिर्फ फिल्म इंडस्ट्री में नहीं है'
दरअसल कास्टिंग काउच को लेकर कोरियोग्राफर सरोज खान ने मीडिया में बयान दिया था कि ये सब तो बाबा आदम के जमाने से चला आ रहा है, यहां तो हर कोई ये ही सोचता है कि कैसे उसे कोई लड़की अकेले में मिल जाए। हर कोई बस लड़की पर हाथ साफ करना चाहता है लेकिन हमारी इंडस्ट्री में लड़की को केवल रेप करके छोड़ा नहीं जाता है बल्कि उसे रोजी-रोटी भी देते हैं।

सरोज खान के बयान से छिड़ी नई बहस
सरोज खान ने आगे कहा कि सिर्फ फिल्म इंडस्ट्री के पीछे नहीं पड़ना चाहिए, वैसे भी ये सारी चीजें लड़की के ऊपर है कि वो क्या करना चाहती है। तुम ऐसे लोगों के हाथ में नहीं आना चाहते तो मत आओ, अगर तुम्हारे पास कला है तो अपने आपको इंडस्ट्री में बेचने की क्या जरूरत है। हालांकि सरोज खान के इस बयान के बाद उनकी आलोचना शुरू हो गई, जिसके बाद उन्होंने अपने बयान पर माफी मांग ली है।












Click it and Unblock the Notifications