कोरोना टीकाकरण पर राहुल गांधी का ट्वीट, कहा- बहस करना बेकार, सबको सुरक्षित जीवन का हक
नई दिल्ली: भारत में चरणों के तहत कोरोना वैक्सीन लगाने का काम युद्धस्तर पर जारी है। 16 जनवरी से शुरू हुए कोरोना टीकाकरण अभियान का अब तीसरा फेज चल रहा है। वहीं अब धीरे-धीरे देश के सभी लोगों को वैक्सीन लगाने की मांग तेजी पकड़ रही हैं। दिल्ली के सीएम अरविंद कजेरीवाल के अलावा कई विपक्षी नेताओं ने सभी वर्ग के लोगों के लिए कोरोना की खुराक देने की बात की है। वहीं अब कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी कोरोना वैक्सीनेशन को लेकर ट्वीट किया है।

देश में टीकाकरण के लिए उम्र को लेकर सरकार पर सवाल खड़े करते हुए राहुल गांधी ने ट्वीट किया है। राहुल ने कहा कि जरूरतों और इच्छाओं पर बहस करना हास्यास्पद है। देश के हर नागरिक को सुरक्षित जीवन जीने का हक है। बता दें कि राहुल गांधी पहले भी देश के सभी लोगों के लिए एक साथ वैक्सीनेशन की मांग कर चुके हैं।
केंद्र सरकार से दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, महाराष्ट्र के सीएम उद्धव ठाकरे, राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत ने कोरोना वैक्सीन में सबसे ज्यादा युवा यानी वयस्कों को शामिल करने के लिए राष्ट्रव्यापी अभियान को व्यापक बनाने का आह्वान किया है। इसके अलावा पीएम नरेंद्र मोदी को इंडियन मेडिकल एसोसिएशन ने लेटर लिखकर ये सुझाव दिया था कि 18 साल से ज्यादा उम्र के सभी लोगों का टीकाकरण करना चाहिए।
आपको बता दें कि भारत सरकार ने पहले फ्रंटलाइन और हेल्थकेयर वर्करों का टीकाकरण शुरू किया। फिर 60 साल से ऊपर के लोगों और 45 साल से अधिक अन्य बीमारियों वाले लोगों को वैक्सीन दी गई। अब तीसरे चरण में 45 साल से ऊपर के टीके लगाए जा रहे हैं। देशभर में अब तक 8 करोड़ से अधिक लोगों को टीका लगाया गया है।












Click it and Unblock the Notifications