हैप्पीनेस इंडेक्स में खराब रैंक पर राहुल गांधी ने कसा तंज, बोले-नफरत और गुस्से में हम टॉप पर हो सकते हैं
नई दिल्ली, 19 मार्च: संयुक्त राष्ट्र की वार्षिक हैप्पीनेस इंडेक्स में फिनलैंड लगातार पांचवें साल दुनिया का सबसे खुशहाल देश चुना गया है। लेकिन इंडेक्स में भारत की रैंक बेहद ही खराब रही है। इस सूची के मुताबिक हैप्पीनेस इंडेक्स में भारत का रैंक 136वां है। जबकि हमारा पड़ोसी देश पाकिस्तान 121वें रैंक पर है। इसी बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सत्तारूढ़ सरकार पर कटाक्ष करते हुए शनिवार को कहा कि भारत जल्द ही नफरत और गुस्से के चार्ट में शीर्ष पर पहुंच जाएगा।

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने ट्वीट कर लिखा कि, हंगर रैंक: 101, फ्रीडम रैंक: 119, हैप्पीनेस रैंक: 136. लेकिन, हम जल्द ही नफरत और गुस्से के चार्ट में शीर्ष पर पहुंच सकते हैं! अपनी इस ट्वीट के साथ राहुल गांधी ने हैप्पीनेस रैंक का एक चार्ट भी शेयर किया है। जिसमें शीर्ष पांच देशों फिनलैंड, डेनमार्क, आइसलैंड, स्विटजरलैंड और नीदरलैंड के नाम हैं और भारत के पड़ोसी देश जो उससे उस इंडेक्स में उपर हैं।

संयुक्त राष्ट्र की एनुअल हैप्पीनेस इंडेक्स के मुताबिक, फिनलैंड, डेनमार्क, आइसलैंड, स्विटजरलैंड और नीदरलैंड दुनिया के टॉप 5 में खुशहाल देशों में शामिल हैं। करीब 60 लाख की आबादी वाला फिनलैंड पिछले 5 साल से पहले नंबर पर है। दुनिया के सबसे खुशहाल देशों की लिस्ट में भारत की पोजिशन में सुधार हुआ है। अब यह 136वें नंबर पर आ गया है। जबकि पिछली बार भारत की रैंकिंग 139 थी।
वहीं इस लिस्ट में भारत का पड़ोसी देश नेपाल 84, बांग्लादेश 94, पाकिस्तान 121, श्रीलंका 127 वें स्थान पर है। दुनिया के खुशहाल देशों में अमेरिका का नंबर 16वें पायदान पर, जबकि ब्रिटेन का नंबर उसके बाद 17वें पायदान पर आता है। वहीं लेबनान, वेनेजुएला और अफगानिस्तान की रैंक में सबसे ज्यादा गिरावट आई है। यूनाइटेड नेशंस के एनुअल हैप्पीनेस इंडेक्स के मुताबिक, सबसे खराब स्थिति तालिबान के कब्जे वाले अफगानिस्तान की है। यह दुनिया का बसे ज्यादा नाखुश कहें या दु:खी देश है।












Click it and Unblock the Notifications