एक बार फिर मणिपुर जाएंगे राहुल गांधी, इस दिन हिंसा पीड़ितों से करेंगे मुलाकात, राहत शिविरों का लेंगे जायजा
Rahul Gandhi will visit Manipur: कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी हाथरस, अहमदाबाद के बाद अब हिंसाग्रस्त पूर्वोत्तर राज्य मणिपुर का दौरा करेंगे। लोकसभा चुनाव के बाद राहुल गांधी पहली बार मणिपुर जाएंगे, जहां के हालातों को करीब से जानने के साथ ही पीड़ितों से मुलाकात करेंगे।
पिछले साल मई में मणिपुर में जातीय संघर्ष शुरू होने के बाद से राहुल गांधी का यह तीसरा दौरा है। जानकारी के अनुसार राहुल 8 जुलाई को मणिपुर जाएंगे, जहां कुकी-मैतेई के बीच चल रहे जातीय हिंसा के पीड़ितों और कांग्रेस पार्टी के नेताओं से मुलाकात करेंगे।

मणिपुर हिंसा को लेकर राहुल गांधी लगातार मोदी सरकार को घेरने का काम कर रहे है। संसद में भी उन्होंने मणिपुर का मुद्दा उठाया था। ऐसे में मणिपुर में 14 महीने से जारी हिंसा के बीच राहुल एक बार फिर लोगों से मुलाकात करेंगे।
ताजा हिंसा के बाद राहुल जाएंगे मणिपुर
इससे पहले इंफाल में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए मणिपुरइकाई के अध्यक्ष के. मेघचंद्र ने जानकारी दी कि राहुल गांधी विमान से दिल्ली से सिलचर की यात्रा करेंगे और वहां से जिरीबाम जिले का दौरा करेंगे, जहां 6 जून को ताजा हिंसा हुई।
राज्य कांग्रेस प्रमुख ने कहा,"राहुल गांधी जिले में कुछ राहत शिविरों का दौरा करेंगे। इसके बाद वह सिलचर हवाई अड्डे पर लौटेंगे और वहां से इम्फाल के लिए उड़ान भरेंगे।" उन्होंने बताया कि इम्फाल में उतरने के बाद वह चुराचांदपुर जिले के लिए रवाना होंगे, जहां वह राहत शिविरों में रह रहे लोगों से बातचीत करेंगे।"
इसके बाद चुराचांदपुर से लोकसभा में विपक्ष के नेता सड़क मार्ग से बिष्णुपुर जिले के मोइरांग जाएंगे और कुछ राहत शिविरों का दौरा करेंगे। इसके बाद वह दिल्ली लौट आएंगे।
चुनाव के बाद पहली मणिपुर यात्रा
बता दें कि राहुल गांधी पिछले साल मई में हिंसा शुरू होने के कुछ हफ्ते बाद ही मणिपुर गए थे और इस साल की शुरुआत में ही उन्होंने 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' भी मणिपुर से निकाली थी। मालूम हो कि लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने राज्य की दोनों संसदीय सीट पर जीत दर्ज की है।












Click it and Unblock the Notifications