कांग्रेस ने चुनावों में अब रेलवे को बनाया बड़ा मुद्दा, वीडियो शेयर कर मोदी सरकार पर साधा निशाना
कांग्रेस पार्टी लोकसभा चुनाव 2024 में पीएम मोदी की गारंटियों पर लगातार हमला बोल रही है। वह लगातार पीएम मोदी के विकास के दावों को निशाना साध रही है। हाल ही में राहुल गांधी नई दिल्ली से चलकर तिरुवनंतपुरम तक जाने वाली केरल एक्सप्रेस ट्रेन का एक वीडियो शेयर कर मोदी सरकार पर हमला बोला था।
अब कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने एक वीडियो शेयर करके मोदी सरकार पर हमला बोला है। जो मुबंई के ठाणे स्टेशन का है। जिसमें भारी भीड़ के चलते महिलाओं को बेहद ही बुरी स्थिति का सामना करते हुए देखा जा सकता है।

भारतीय रेल में यात्रियों को आए दिन भारी भीड़ का सामना करना पड़ रहा है। लोग हर सोशल मीडिया पर एसी कोच में भारी भीड़ की तस्वीरें शेयर कर रहे हैं। जिसे लेकर कांग्रेस पार्टी मोदी सरकार को निशाने पर ले रही है। कुछ दिन पहले राहुल गांधी ने ट्ववीट कर लिखा था कि, नरेंद्र मोदी के राज में 'रेल का सफर' सज़ा बन गया है! आम आदमी की ट्रेनों से जनरल डिब्बे कम कर सिर्फ 'एलीट ट्रेनों' का प्रचार कर रही मोदी सरकार में हर वर्ग का यात्री प्रताड़ित हो रहा है।
राहुल गांधी ने आगे लिखा कि, लोग कन्फर्म टिकट लेकर भी अपनी सीट पर चैन से बैठ नहीं पा रहे, आम आदमी ज़मीन पर और टॉयलेट में छिप कर यात्रा करने को मजबूर है। मोदी सरकार अपनी नीतियों से रेल को कमज़ोर कर 'अयोग्य' साबित करना चाहती है, ताकि उसे अपने मित्रों को बेचने का बहाना मिल सके। आम आदमी की सवारी को बचाना है तो रेलवे को बर्बाद करने में जुटी मोदी सरकार को हटाना होगा।
राहुल गांधी के ट्वीट के बाद आज जयराम रमेश ने मुंबई की लोकल ट्रेन का वीडियो शेयर कर लिखा कि, कांग्रेस ने पिछले कुछ महीनों में मोदी सरकार के 10 वर्षों में भारतीय रेलवे की हुई खस्ता हालत को उजागर किया है। लेकिन मुंबई लोकल सबसे ज्यादा प्रभावित हुई है।
जयराम रमेश ने आगे लिखा कि, यह13 मई को ठाणे स्टेशन का एक वीडियो है। जिसमें भगदड़ जैसी स्थिति दिख रही है। जो हमारे रेलवे में दीर्घकालिक अल्पनिवेश को उजागर करती है। इस सरकार की अक्षमता और उदासीनता के कारण एमयूटीपी-3 जैसे आवश्यक उन्नयन में देरी हुई है। रेल मंत्री बुलेट ट्रेन और बेदाग कोच वाली किसी काल्पनिक दुनिया में रह रहे हैं, जबकि यह हकीकत है जिसे आम भारतीयों को झेलना पड़ रहा है। 4 जून को इंडिया गठबंधन हमारी रेलवे को बहाल करने को राष्ट्रीय प्राथमिकता बनाएगा!












Click it and Unblock the Notifications