'कांग्रेस ने अपनी कब्र खुद खोद ली......शर्मनाक हार के लिए गांधी परिवार जिम्मेदार'
चंडीगढ़, 14 मार्च: पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के दिग्गज नेता रहे कैप्टन अमरिंदर सिंह ने विधानसभा चुनावों में पार्टी की करारी हार के लिए पूरी तरह से गांधी परिवार को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने दावा कि है कि उनके कुर्सी से हटने तक कांग्रेस पंजाब में अच्छी स्थिति में थी। मुख्यमंत्री पद से हटाए जाने के बाद कैप्टन ने पंजाब लोक कांग्रेस नाम की अपनी पार्टी बनाई और उन्होंने चुनावों में भाजपा के साथ गठबंधन किया था, लेकिन अपनी सीट भी नहीं बचा पाए। पांचों राज्यों में कांग्रेस की चुनावी दुर्गति पर विचार करने के लिए पार्टी वर्किंग कमिटी की बैठक के एक दिन बाद अमरिंदर ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू और निवर्तमान मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के खिलाफ जोरदार हमला किया है और इन सबके लिए गांधी परिवार को कसूरवार ठहराया है।

कांग्रेस की हार के लिए गांधी परिवार जिम्मेदार- अमरिंदर सिंह
पंजाब के पूर्व सीएम और कांग्रेस के पूर्व नेता कैप्टन अमरिंदर सिंह ने आरोप लगाया है कि अपनी गलतियों को स्वीकार करने की जगह सीडब्ल्यूसी में कांग्रेस की हार का ठीकरा उनपर फोड़ने कोशिश की गई है। उन्होंने कहा, 'कांग्रेस सिर्फ पंजाब में नहीं, बल्कि यूपी, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर में भी हारी है और पार्टी की शर्मनाक हार के लिए पूरी तरह गांधी परिवार दोषी है।' उन्होंने कहा कि 'पूरे देश के लोगों का गांधी परिवार के नेतृत्व पर से भरोसा उठ चुका है।' उनका इशारा सोनिया गांधी, उनके बेटे राहुल गांधी और बेटी प्रियंका गांधी वाड्रा की ओर था।

'परिवार को बचाने के लिए चापलूसी कर रहे हैं कांग्रेसी नेता'
सोमवार को एक बयान में कैप्टन ने कहा है कि 'जिस दिन उन्होंने (गांधी परिवार) नवजोत सिद्धू जैसे अस्थिर और घमंडी शख्स का समर्थन करने और चुनाव से कुछ महीने पहले चरणजीत सिंह चन्नी जैसे भ्रष्ट व्यक्ति को मुख्यमंत्री बनाने का फैसला किया, पार्टी ने उसी दिन सीमावर्ती राज्य में अपनी कब्र खोद ली थी।' उन्होंने कहा कि सीडब्ल्यूसी के नेताओं ने उनकी सरकार के खिलाफ जबर्दस्त एंटी-इंकंबेसीं का दावा किया है, लेकिन वो बहुत आसानी से यह भूल गए कि 2017 के बाद से पार्टी ने सारे चुनाव जीते थे और उन्हें हटाए जाने से सात महीने पहले फरवरी, 2021 में भी नगर चुनाव में कामयाबी मिली थी। उन्होंने आरोप लगाया कि 'ये नेता सिर्फ चापलूस हैं, जो परिवार को बचाने के लिए दोषारोपण कर रहे हैं और आंखें मूंद रहे हैं।'

'पूरी पार्टी को बदनाम कर दिया'
उनका कहना है कि मौजूदा व्यवस्था में कांग्रेस का कोई भविष्य नहीं है। उन्होंने दावा किया कि पंजाब में हार के लिए पार्टी हाई कमान जिम्मेदार है, जिसने पहले नवजोत सिद्धू जैसे आदमी का समर्थन किया और फिर उनपर लगाम लगाने में नाकाम रहे, 'जो अपने फायदे के लिए पार्टी की छवि बिगाड़ने में जुटे रहे।' उन्होंने आरोप लगाया कि 'मुझे बदनाम करने की उनकी कोशिशों में, पार्टी आलाकमान ने नवजोत और बाकी लोगों के साथ हाथ मिला लिया, और इस तरह से पूरी पार्टी को बदनाम कर दिया।'

पार्टी के दूसरे नेता ने भी उठाए थे सवाल
सोमवार को पंजाब कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने भी चुनाव से ठीक पहले चन्नी को पंजाब का मुख्यमंत्री नियुक्त किए जाने को लेकर सवाल उठाया था और उन्हें पार्टी के लिए 'संपत्ति' बताए जाने पर एक वरिष्ठ नेता पर तंज किया था। पंजाब विधानसभा चुनाव में प्रदेश की सत्ता में रही कांग्रेस को 117 में से सिर्फ 18 और आम आदमी पार्टी को 92 सीटें मिली हैं।












Click it and Unblock the Notifications