Bharat jodo yatra : रेलवे के निजीकरण को लेकर PM से बोले राहुल - रेलवे देश की संपत्ति है, बेचो मत
कन्याकुमारी से सात सितंबर को शुरू हुई कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा अब तक छह राज्यों के 28 जिलों में यात्रा कर चुकी है। कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा इन दिनों महाराष्ट्र में है। बीते 66 दिनों से राहुल गांधी के नेतृत्व में यह यात्रा लगातार आगे बढ़ रही है। इस दौरान राहुल गांधी लगातार लोगों से मिल रहे हैं। इसी यात्रा के दौरान राहुल गांधी ने शनिवार को रेलवे के निजीकरण को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि रेलवे देश की संपत्ति है, इसे मत बेचो।

'रेलवे देश की सम्पत्ति है, इसे निजीकरण नहीं, सशक्तिकरण की ज़रूरत है'
भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल गांधी ने दक्षिण मध्य रेलवे कर्मचारी संघ (एससीआरई) के सदस्यों से मुलाकात की। बातचीत के दौरान संघ के सदस्यों ने राहुल से कहा कि केंद्र रेलवे स्टेशनों, कार्यशालाओं, अस्पतालों और अन्य प्रतिष्ठानों का निजीकरण कर रहा है। राहुल गांधी ने द्वारा शेयर किए गए एक वीडियो में रेलवे यूनियन के सदस्य भारतीय रेलवे के निजीकरण का विरोध करते नजर आए। वीडियो को शेयर करते हुए राहुल गांधी ने लिखा, ''12 लाख लोगों को रोज़गार, 2.5 करोड़ देशवासियों की रोज़ सेवा - देश को जोड़ती है भारतीय रेल। प्रधानमंत्री जी, रेलवे देश की सम्पत्ति है, इसे निजीकरण नहीं, सशक्तिकरण की ज़रूरत है। बेचो मत।''
इससे पहले राहुल ने कलामनुरी में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा था कि भारत को न ही विभाजित किया जा सकता है और न ही हम इस देश में नफरत फैलने देंगे। इस दौरान उन्होंने वेदांता-फॉक्सकॉन और टाटा एयरबस जैसे मेगा प्रोजेक्ट को गुजरात में स्थानांतरित करने पर भी राज्य व केंद्र सरकार पर निशाना साधा था। बता दें, भारत जोड़ो यात्रा अभी महाराष्ट्र में है। रविवार यानि आज राहुल गांधी समेत अन्य लोग आराम करेंगे। पार्टी के मुताबिक, एक दिन के विश्राम के बाद सोमवार को यह यात्रा हिंगोली जिले के कलामनुरी से वाशिम तक जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications