नवाज की गिरफ्तारी पर कांग्रेस ने पीएम से पूछा- परम मित्र गया जेल, कुछ कहना चाहेंगे?
नई दिल्ली। पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ की गिरफ्तारी को लेकर कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ट्विटर पर ट्रोल किया है। कांग्रेस ने पीएम मोदी की पाकिस्तान यात्रा की एक तस्वीर भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्विटर पर शेयर की है, जिसमें मोदी और नवाज शरीफ दोनों हाथ मिलाते हुए चल रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिसंबर 2015 में पाकिस्तान का सरप्राइज दौरा कर तत्कालीन पाकिस्तानी पीएम नवाज शरीफ से मुलाकात की थी।

कांग्रेस ने अपने ट्विटर हैंडल दोनों नेताओं की तस्वीर शेयर करते हुए पूर्व पाकिस्तानी पीएम की गिरफ्तारी पर पीएम मोदी से उनकी राय मांगी है। मोदी और शरीफ की फोटो शेयर करते हुए कांग्रेस ने ट्वीट किया, 'भ्रष्टाचार के आरोप में नवाज शरीफ जेल जा चुके हैं। हम जानना चाहेंगे कि पीएम मोदी अपने परम मित्र के बारे में क्या कहना चाहेंगे।'
कांग्रेस के इस ट्वीट के बाद जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री और नेशनल कांफ्रेस के चीफ उमर अब्दु्ल्ला ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि वे पीएम मोदी के कई मुद्दों पर उनकी आलोचना करते रहे हैं, लेकिन भारत-पाकिस्तान रिश्तों को लेकर पीएम की कोशिश मेरी आलोचना का हिस्सा नहीं है। उमर अब्दुल्ला ने ट्वीट करते हुए लिखा, 'कई सारे मुद्दे हैं, जिन पर मैं पीएम मोदी की आलोचना करूंगा, लेकिन पाकिस्तान के साथ संबंध सुधारने के लिए भारत का प्रयास निश्चित रूप से उनमें से नहीं है।'
बता दें कि पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ और उनकी बेटी मरियम नवाज को भ्रष्टाचार के आरोप में जेल हुई है। नवाज और मरियम को शुक्रवार को लाहौर एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया गया। तीन बार प्रधानमंत्री रह चुके नवाज की गिरफ्तारी के पाकिस्तान की सियायत में तूफान आ गया है। नवाज की गिरफ्तारी के बाद पाकिस्तान के कई जगहों पर हिंसा की भी खबर आई है।












Click it and Unblock the Notifications