कांग्रेस ने ओडिशा में भाजपा-बीजेडी का कराया विवाह, दोनों दलों पर मिले होने का लगाया आरोप
चुनावी का समय करीब आने के साथ ही सियासी बयानबाजियां तेज हो गई हैं। कांग्रेस पार्टी ने ओडिशा में भाजपा और बीजेडी पर करीबी होने का आरोप लगाया है। कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि दोनों ही पार्टियां आपस में मिली हैं। कांग्रेस ने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा और बीजेडी दूल्हा-दूल्हन हैं। यही नहीं कांग्रेस ने दोनों दलों के बीच व्यंगात्मक शादी भी करा दी। यह विवाह कार्यक्रम मास्टर कैंटिन स्क्वॉयर भुवनेश्वर में हुआ। जहां पर पंडित भी मौजूद था, यज्ञ भी हुआ और मंत्रोच्चार भी हुए। इस शादी के लिए कांग्रेस ने दोनों दलों का शादी का कार्ड भी प्रिंट कराया।
इस शादी के कार्ड को यहां आए मेहमानों में वितरित किया गया। कांग्रेस ने कहा कि भाजपा और बीजेडी पिछले 25 सालों से साथ हैं, अब समय आ गया है कि इनकी शादी करा दी जाए। इन दोनों दलों की दोस्ती इतनी गहरी है कि ये सांसदों को राज्यसभा भी साथ भेजते हैं। बीजेडी के चिटफंड घोटाले को केंद्र सरकार ने दबा दिया। ये दोनों दल एक दूसरे का विरोध का नाटक करते हैं। छात्र कांग्रेस अध्यक्ष यासर नवाज ने दोनों दलों पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए कहा कि ये दल एक दूसरे के विरोध का सिर्फ नाटक करते हैं।

यासर ने कहा कि ओडिशा भगवान जगन्नाथ की पवित्र भूमि है। हम ओडिशा में लिव इन रिलेशनशिप को स्वीकार नहीं करते हैं। अगर आप साथ हैं तो बेहतर है कि शादी कर लीजिए, जिससे लोगों को आपके रिश्ते की जानकारी मिल सके। ओपीसीसी प्रमुख अजॉय कुमार ने कहा कि बीजेडी बीजेपी की ब्रांड अंबेसडर है और एक दूसरे के सहयोगी हैं। ये दिल्ली के लोधी पार्क में हाथ डालकर घूमते हैं और ओडिशा में नाटक करते हैं।












Click it and Unblock the Notifications