सुरजेवाला का सरकार पर हमला- देश 7 साल से ढो रहा नाकाम, नाकारा, नासमझ सरकार का बोझ
नई दिल्ली, 30 मई: भारतीय जनता पार्टी के लिए 30 मई का दिन काफी अहम है, क्योंकि आज मोदी सरकार के 7 साल पूरे हो गए हैं। ऐसे में बीजेपी कार्यकर्ता और मोदी सरकार जनता तक अपने कामों को पहुंचाने में जुटी हुई है। तो वहीं दूसरी ओर विपक्षी दल कांग्रेस ने सरकार को नाकारा बता दिया। साथ ही 7 साल की नाकामियों को गिनाया है। हालांकि इस पर बाद में अनिल विज ने पलटवार भी किया।

Recommended Video
मामले में कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि देश को एक नाकाम, नाकारा, नासमझ सरकार का बोझ ढोते हुए आज 7 साल हो गए। देश भुगत रहा है क्योंकि 7 साल में बेरोजगारी 11.3% हो गई। कई प्रांतों में पेट्रोल 100 और सरसो का तेल 200 रुपये पार कर चुका है। ये 73 साल में देश की सबसे कमजोर सरकार साबित हुई है। इसके अलावा उन्होंने ट्वीट कर लिखा कि युवाओं की जिंदगी पर लगाया ग्रहण। हरियाणा में बेरोजगारी दर अब 35% पार। हमारे युवा गुणी हैं, शिक्षित हैं, काबिल हैं, पर दर-दर की ठोकरें खाने को मजबूर क्यों? खट्टर -दुष्यंत चौटाला जी, या तो रोजगार दो, वरना इस्तीफा दो।
विज ने किया पलटवार
वहीं बीजेपी पर हमला करने के बाद सुरजेवाला को हरियाणा के मंत्री अनिल विज ने जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस रोज-रोज नए चोले बदल कर आती है। नए-नए ढंग से वह ध्यान भटकाना चाहती है, लेकिन सरकार हिमालय की तरह डट कर खड़ी है और कोरोना के खिलाफ लड़ाई लड़ रही है। विज ने आगे कहा कि कांग्रेस को कभी भी उसके मंसूबों में कामयाब नहीं होने दिया जाएगा। ऋषि मुनि जब हवन किया करते थे, तब राक्षस आकर उसमें विघ्न डालने की कोशिश करते थे, लेकिन वे कभी कामयाब नहीं हुए। जैसे आज राक्षसों को कोई याद नहीं करता, वैसे कांग्रेस को भी कोई नहीं करेगा।












Click it and Unblock the Notifications