राफेल डील में भ्रष्टाचार की रिपोर्ट को भाजपा ने नाकारा, कहा- CAG ने कुछ गलत नहीं पाया
नई दिल्ली। राफेल विमान सौदे में भ्रष्टाचार के कथित आरोपों को बीजेपी ने सोमवार को पूरी तरह से निराधार बताया है। इसके साथ ही बीजेपी ने इस बात की तरफ ध्यान दिलाया कि सुप्रीम कोर्ट ने भी इस मामले की जांच कराने संबंधी मांग को खारिज कर दिया था और CAG ने इसमें कुछ नहीं पाया था। कांग्रेस द्वारा राफेल विमान खरीद में भ्रष्ट्राचार के बारे में जब पूछा गया तो रविशंकर प्रसाद ने कहा कि विपक्षी पार्टी ने साल 2019 के लोकसभा चुनाव में भी इसे बड़ा मुद्दा बनाया था लेकिन उन्हें करारी हार का सामना करना पड़ा था।

रविशंकर प्रसाद ने कहा कि भ्रष्टाचार के आरोप पूरी तरह निराधार हैं। प्रसाद ने यह भी दावा किया कि इस खरीद में वित्तीय अनियमितताओं संबंधी फ्रांस की मीडिया में छपी खबरें उस देश में 'व्यावसायिक प्रतिद्वंद्विता' के चलते हो सकती हैं। आपको बता दें कि फ्रांस की मीडिया ने एक खबर के माध्यम से ये दावा किया था कि राफेल विमान के करार के लिए विमान निर्माता कंपनी ने एक दलाल को 11 लाख यूरो दिए थे। रविशंकर प्रसाद ने कहा कि कांग्रेस ने इस मामले को पहले भी कोर्ट में उठाया था लेकिन वहां भी उसकी हार हुई।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि फ्रांस के जर्नल ने ये बात कही लेकिन उसमें सुसेन गुप्ता का नाम आया था। सुसेन गुप्ता वही हैं जिसे हमारे सरकार के समय में गिरफ्तार किया गया था और उसका संबंध कांग्रेस के किन-किन लोगों से है कहने की जरूरत नहीं है। रविशंकर प्रसाद ने आगे कहा कि सलमान खुर्शीद ने तो कहा था कि वो सुसेन गुप्ता के परिवार को जानते हैं। मुझे लगता है कि पहले राहुल गांधी ही बिना तैयारी के बोलते थे। लेकिन अब उनके प्रवक्ता भी ऐसा बोलने लगे हैं।












Click it and Unblock the Notifications