पीएम मोदी के खिलाफ की गई शिकायत की गलत एंट्री, EC ने अधिकारी से मांगा जवाब
नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव 2019 (Lok Sabha Elections 2019) के लिए प्रचार के दौरान कई नेताओं के खिलाफ आचार संहिता के उल्लंघन का मामला सामने आया है। चुनाव आयोग ने कुछ नेताओं पर इन शिकायतों के आधार पर कार्रवाई भी की है। दूसरी तरफ, खबर आ रही है कि निर्वाचन आयोग की वेबसाइट से वह शिकायत 'गायब' हो गई है जो पीएम मोदी की महाराष्ट्र के लातूर में चुनावी रैली को लेकर की गई थी।

कोलकाता के रहने वाले महेंद्र सिंह ने की थी शिकायत
कोलकाता के रहने वाले महेंद्र सिंह ने पीएम मोदी के खिलाफ ये शिकायत की थी। पीएम मोदी के खिलाफ शिकायत महाराष्ट्र के लातूर में चुनावी रैली को लेकर की गई थी जिसमें उन्होंने पहली बार वोट करने वालों से पुलवामा के शहीदों और बालाकोट एयर स्ट्राइक को समर्पित करने की अपील की थी।

चुनाव आयोग में दर्ज की गई शिकायत वेबसाइट पर नहीं!
एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक, लातूर में दिए पीएम मोदी के भाषण के खिलाफ चुनाव आयोग में दर्ज की गई शिकायत वेबसाइट पर नहीं है। शिकायत करने वाले महेंद्र सिंह के मुताबिक,चुनाव आयोग की वेबसाइट चेक करने पर पता चला कि ये मामला सुलझाया जा चुका है जबकि आयोग के समक्ष अभी यह मामला विचाराधीन है। अब तक चुनाव आयोग में 400 से ज्यादा शिकायतें दर्ज हो चुकी हैं।

शिकायत के स्टेटस पर चुनाव आयोग ने अधिकारी को मांगा जवाब
चुनाव आयोग के मुताबिक, वेबसाइट पर इस शिकायत के साथ लिखा होना चाहिए था, 'जानकारी आगे चुनाव आयोग मुख्यालय में पहुंचाई जा चुकी है' बजाय इसके कि मामला सुलझाया जा चुका है। इस बाबत चुनाव आयोग के एक अधिकारी ने कहा कि वेबसाइट पर जो शिकायत का स्टेटस दिखा रहा है, वह 'तकनीकी समस्या' है। आयोग ने इस गलती के लिए संबद्ध अधिकारी से स्पष्टीकरण मांगा है। बता दें कि पीएम मोदी के लातूर में भाषण का वीडियो जिला चुनाव अधिकारी ने ईसी को सौंप दिया है।












Click it and Unblock the Notifications