उत्तर भारत में शीतलहर का कहर, यूपी में पांच की मौत
लखनऊ। उत्तर भारत में ठंड अपनी चरम सीमा पर आ गई है। सबसे ज्यादा असर उत्तर प्रदेश में दिख रहा है जहां की ठिठुरती सर्दी ने लोगों की जान तक ले ली है। जानकारी के मुताबिक अभी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में जारी शीतलहर और कोहरे की चपेट में आकर पिछले 24 घंटों में 5 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि बीते 10 तारीख को भी यूपी के अलग-अलग शहरों में ठंड की वजह से ही 16 लोगों की मौत हुई थी।
सुबह देर तक कोहरे की वजह से यातायात बाधित हो रहा है तो वहीं सर्द मौसम की वजह से ट्रेने और हवाई-जहाज अपने निर्धारित समय से काफी देर से चल रहे हैं।
आने वाले दिनों में और भी सर्दी बढ़ेगी
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ और सूबे के अन्य हिस्सों में गुरूवार सुबह से ही बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में मौसम का यही रुख बरकरार रहेगा। अगले 24 घंटों के दौरान दिन और रात के तापमान में और भी गिरावट आ सकती है।
अगले 24 घंटों के दौरान दिन और रात के तापमान में और गिरावट
मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को राजधानी लखनऊ का न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किए जाने का अनुमान है। राजधानी के अलावा वाराणसी का न्यूनतम तापमान 6. 4 डिग्री, इलाहाबाद का 8. 4 डिग्री सेल्सियस, कानपुर का सात डिग्री और गोरखपुर का 6. 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
कोहरे की वजह से ट्रेने लेट चल रही हैं
इधर, कोहरे की वजह से पूर्वाचल और बुंदेलखंड की ओर जाने वाली लगभग एक दर्जन रेलगाड़ियों के परिचालन पर असर पड़ा है। पूर्वाचल में घने कोहरे की वजह से वाराणसी रेलवे स्टेशन पर कई रेलगाड़ियां अपने नियत समय से घंटों देरी से पहुंची।
ज्यादा ठंड में घर से बाहर ना निकलें
रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि कोहरे की वजह से पूर्वाचल में रेल यातायात पर असर पड़ा है। कई रेलगाड़ियां अब भी विलंब से चल रही हैं। इसलिए मौसम विभाग की ओर से जारी गाइडलाइन में कहा गया है कि ज्यादा से ज्यादा लोग अपने घरों में रहें और जरूरत पड़ने पर ही अपने घर से बाहर अपने आप को पूरी तरह से ढ़ककर निकले।













Click it and Unblock the Notifications