यूपी: पूर्वाचल में कोहरे ने लगाया ट्रेनों के पहियों पर ब्रेक
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ सहित आसपास के इलाकों में बुधवार को सुबह से धूप खिली हुई है, जिससे लोगों को ठंड और कोहरे से राहत मिली है। लेकिन पूर्वाचल और बुंदेलखंड में कोहरे से जनजीवन पर असर पड़ा है। मौसम विभाग ने दिन के तापमान में मामूली वृद्धि का अनुमान जताया है। उप्र मौसम विभाग के निदेशक जेपी गुप्ता के अनुसार, दिन में राजधानी और आसपास के इलाकों में धूप निकलेगी, लेकिन पूर्वाचल तथा बुंदेलखंड में कोहरे का असर दिखाई देगा।

उन्होंने बताया कि न्यूनतम तापमान में एक डिग्री सेल्सियस तक की वृद्घि दर्ज किए जाने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को राजधानी लखनऊ का न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किए जाने का अनुमान है।
राजधानी के अलावा वाराणसी का न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री, इलाहाबाद का 8.4 डिग्री सेल्सियस, कानपुर का सात डिग्री और गोरखपुर का 6.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इधर, कोहरे की वजह से पूर्वाचल और बुंदेलखंड की ओर जाने वाली लगभग एक दर्जन रेलगाड़ियों के परिचालन पर असर पड़ा है। पूर्वाचल में घने कोहरे की वजह से वाराणसी रेलवे स्टेशन पर कई रेलगाड़ियां अपने नियत समय से घंटों देरी से पहुंची। रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि कोहरे की वजह से पूर्वाचल में रेल यातायात पर असर पड़ा है। कई रेलगाड़ियां अब भी विलंब से चल रही हैं।












Click it and Unblock the Notifications