यूपी में लव जिहाद: वो मामले जिनके बाद एक्शन में आए सीएम योगी आदित्यनाथ
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे प्रदेश में लव जेहाद के बढ़ते मामलों को सख्ती से रोकें। सीएम ने ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए गृह विभाग के अधिकारियों को कार्ययोजना बनाकर काम करने को कहा है। बीते दिनों लव जेहाद के कई मामलों के सामने आने के बाद योगी सरकार इस मुद्दे पर सख्त हुई है। सीएम ने अफसरों से कहा है कि जहां भी लड़कियों को धोखे में रखकर शादी करने के मामले सामने आ रहे हैं वहां शीघ्र एक्शन लिया जाए।
Recommended Video

हाल ही सामने आए कई मामले
लव जिहाद हिंदू संगठनों द्वारा प्रयोग किया जाने वाला शब्द है। हिंदू संगठनों का कहना है कि मुस्लिम युवक हिंदू लड़कियों को बहला-फुसलाकर उन्हें प्रेम में फंसाते हैं फिर उनसे निकाह कर उन्हें मुस्लिम बना लेते हैं। हिंदू संगठनों का आरोप है कि ये संगठित रूप से किया जाता है और इसे लव जेहाद का नाम दिया है। इसे लेकर ही अब प्रदेश की सरकार ने निर्देश दिया है। कहा जा रहा है कि जरूरत पड़ने पर प्रदेश सरकार इस पर कानून भी बनाने पर विचार कर रही है।
हाल ही में मेरठ, कानपुर और लखीमपुर खीरी के साथ ही ऐसे कई मामले सामने आए हैं जहां पर लव जेहाद के आरोप लगे हैं। सीएम के मीडिया सलाहकार मृत्युंजय कुमार ने बताया प्रदेश में कई जगह से ऐसे मामले रिपोर्ट किए गए हैं। यही वजह है कि सीएम आदित्यनाथ ने गृह विभाग के अधिकारियों को इस बारे में कार्ययोजना बनाने को कहा है ताकि इसे रोका जा सके।

क्या कहते हैं सरकार के बड़े अधिकारी ?
वहीं यूपी के अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश अवस्थी कहते हैं 'ये एक सामाजिक मुद्दा है। इसे रोकने के लिए गंभीर कदम उठाने की जरूरत है। आरोपितों के खिलाफ एक्शन लेने की जरूरत है और हमें कड़े कदम उठाने होंगे। इस समय सोशल मीडिया हर जगह मौजूद है और ये दूसरे लोगों के दिमाग में फैल रहा है।'
अवस्थी कहते हैं कि इस तरह के मामलों की फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई होनी चाहिए। चूंकि अभी कोरोना के चलते कोर्ट बंद चल रही है। ऐसे में आरोपितों को बेल नहीं मिलनी चाहिए। साथ ही पीड़ित लड़िकयों के परिवार को आर्थिक मदद भी दी जानी चाहिए।' वहीं कानून बनाने पर अवस्थी ने कहा कि अभी जो कानून हैं वो पर्याप्त हैं, हमें इसे सख्ती से लागू करने की जरूरत है।

कानपुर मामले में एसआईटी गठित
लव जेहाद को लेकर प्रदेश सरकार की सख्ती यूं ही नहीं है। हाल ही में ऐसे कई मामले सामने आए हैं जहां पर लड़कियों को बहला-फुसलाकर या जबर्दस्ती उनका धर्मांतरण कर शादी कराए जाने के आरोप लगे हैं। ताजा मामला कानपुर का है जहां एक अंतर धार्मिक विवाह का मामला सामने आया था। घटना को लेकर पीड़िता का एक वीडियो भी वायरल हुआ था। इसके बाद कानपुर की जूही कॉलोनी की पांच परिवारों की महिलाओं ने लव जेहाद का आरोप लगाते हुए आईजी से मुलाकात की। इसमें एक लड़की ने परिवार ने बताया कि वह लव जेहाद के चंगुल से बचकर आ गई। इसके बाद पुलिस ने जांच के लिए एक एसआईटी का गठन किया है जो इस बार की जांच करेगी कि युवतियों के साथ जबर्दस्ती या ब्रेनवॉश तो नहीं किया गया है।

लखीमपुर खीरी में किशोरी की हत्या
हाल ही में लखीमपुर खीरी में एक युवती की हत्या के मामले की चर्चा पूरे प्रदेश में हुई। जिले में एक किशोरी की रेप के बाद हत्या कर दी गई। मामला खूब चर्चा में रहा जिसके बाद पुलिस ने दिलशाद नाम के युवक को गिरफ्तार किया। दिलशाद ने स्वीकार किया कि उसने रेप के बाद युवती का गला काट दिया था। बाद में पुलिस ने कॉल रिकॉर्ड की जांच की तो पाया कि किशोरी आरोपित से पहले से संपर्क में थी।
सीएम ने लिया था एक्शन
मामले को लेकर राजनीति भी खूब गर्म रही। बाद में सीएम योगी आदित्यनाथ ने आवश्यक होने पर एनएसए लगाने का आदेश भी दिया था।

मेरठ में मां-बेटी हत्याकांड
मेरठ में एक मां-बेटी की हत्या ने सनसनी मचा दी थी। मामले में पुलिस ने जांच के बाद शमशाद नाम के युवक को गिरफ्तार किया था। आरोपित ने महिला और उसकी बेटी की हत्या कर लाश महिला के घर में ही दफना दी थी। महिला के एक दोस्त ने मामले में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी।
पुलिस ने अपनी जांच में पाया था कि शमशाद ने अपना नाम बदल लिया था और हिंदू बनकर महिला से अपने संबंध बढ़ाए और फिर शादी के लिए प्रपोज कर दिया था। बाद में आरोपित ने मां-बेटी की हत्या कर दी। मामले का खुलासा होने के बाद सोशल मीडिया पर इसे लेकर काफी विरोध हुआ था।

लव जिहाद को लेकर सीएम योगी रहे हैं मुखर
इन मामलों के चलते प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने सख्त रुख अपनाया है। हिंदू संगठन लंबे समय से लव जिहाद कर हिंदू लड़कियों को फंसाने का आरोप लगाते रहे हैं। खुद योगी आदित्यनाथ मुख्यमंत्री बनने के पहले लव जिहाद के मामलों को लेकर मुखर रहे हैं। इन मामलों में योगी आदित्यनाथ सख्त कानून बनाने की बात करते रहे हैं। सरकार में आने के बाद योगी सरकार ने रोमियो स्क्वॉड का भी गठन किया था। ऐसे में प्रदेश में बढ़ रहे लव जिहाद के मामले हिंदू संगठनों की नाराजगी की वजह बन सकते हैं। यही वजह है कि सीएम ने अधिकारियों की जल्द कार्ययोजना बनाकर काम करने को कहा है।












Click it and Unblock the Notifications