पंजाब: प्रदर्शन के दौरान बीजेपी विधायक को किसानों ने पीटा, कपड़े भी फाड़े
चंडीगढ़: मोदी सरकार के नए कृषि कानूनों के खिलाफ पिछले 4 महीनों से किसानों का आंदोलन जारी है। एक ओर दिल्ली से लगती सीमाओं पर किसान डटे हुए हैं, तो वहीं दूसरी ओर पंजाब के अलग-अलग हिस्सों में भी प्रदर्शन हो रहे हैं। इस बीच शनिवार को मलोट में किसान उग्र हो गए और बीजेपी नेताओं के साथ मारपीट की। जिसमें अबोहर से बीजेपी विधायक अरुण नारंग भी शामिल थे। काफी मशक्कत के बाद पुलिस बल ने हालात पर काबू पाया, लेकिन तब तक प्रदर्शनकारियों ने विधायक के कपड़े फाड़ दिए थे।

जानकारी के मुताबिक पंजाब सरकार के चार साल पूरे होने पर बीजेपी जगह-जगह प्रेस कॉन्फ्रेंस करके खामियों को गिना रही है। इस बीच मलोट में अबोहर के विधायक अरुण नारंग और बीजेपी जिला प्रधान राजेश पठेला गोरा भी पहुंचे। जैसे ही उनकी गाड़ी बीजेपी दफ्तर के सामने पहुंची वैसे ही किसान यूनियन लक्खोवाल के नेताओं ने उन्हें काले झंडे दिखाते हुए नारेबाजी की। कुछ ही देर में प्रदर्शन उग्र हो गया और किसान नेताओं ने बीजेपी नेताओं के मुंह पर काले तेल जैसा कोई तरल पदार्थ फेंक दिया।
वहीं कुछ प्रदर्शनकारियों ने सीधे विधायक अरुण नारंग पर हमला बोला। पहले तो उनके साथ मारपीट की, फिर कपड़े फाड़ दिए। विधायक के साथ मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें रोकने की बहुत कोशिश की, लेकिन भीड़ ज्यादा थी। हालांकि बाद में मौके पर पहुंचे पुलिसबल ने विधायक और उनके साथ मौजूद लोगों को दुकान के अंदर भेजकर शटर बंद किया। मौके पर अभी भी तनावपूर्ण स्थित बनी हुई है।
पंजाब में ही सबसे ज्यादा विरोध
पिछले मानसून सत्र में केंद्र सरकार तीन नए कृषि कानून लेकर आई थी। जिसका सबसे ज्यादा विरोध पंजाब-हरियाणा में ही हो रहा। वहीं दिल्ली की सीमा पर जो किसान प्रदर्शन कर रहे, उनमें से ज्यातर पंजाब के ही हैं। किसानों ने साफ कर दिया है कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होती तब तक वो वापस नहीं जाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications