चीफ जस्टिस दीपक मिश्रा आज फिर मिलेंगे चार सीनियर जजों से, चेलामेश्वर के छुट्टी पर जाने की खबर
नई दिल्ली। मंगलवार को हुई अनौपचारिक बैठक में कोई नतीजा ना निकलने के बाद चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया दीपक मिश्रा आज सुप्रीम कोर्ट के चार सीनियर मोस्ट जजों से एक बार फिर मुलाकात करेंगे। बैठक में चीफ जस्टिस मिश्रा के अलावा जे चेलामेश्वर, रंजन गोगोई, मदन बी लोकुर और कुरियन जोसेफ के मौजूद रहने की उम्मीद है। हालांकि ये भी खबर है कि इस मुलाकात के पहले जस्टिस चेलामेश्वर आज छुट्टी पर चले गए हैं और वो शायद ही इस बैठक में मौजूद रहें।

गतिरोध खत्म करने की होगी कोशिश
इंडियन एक्सप्रेस में छपी खबर के मुताबिक चार जजों की राय है कि चीफ जस्टिस मिश्रा ने उनके पत्र में उठाए गए मुद्दों के हल के लिए अब तक कोई ठोस आश्वासन नहीं दिया है। कुछ सूत्रों का कहना है कि आज की बैठक में इस मुद्दे के हल के लिए चीफ जस्टिस कुछ निर्णायक पहल कर सकते हैं। सूत्रों का कहना है कि जस्टिस एके सीकरी, एएम खानविलकर और डीवाय चंद्रचूड़ की पहल पर ये बैठक हो रही है। चार सीनियर जजों की तरफ से उठाए गए मुद्दों की गंभीरता को देखते हुए चीफ जस्टिस आज की इस मुलाकात के लिए राजी हुए हैं।

शुक्रवार को सुप्रीम कोर्ट के चार जजों ने की थी पीसी
पिछले शुक्रवार को सुप्रीम कोर्ट के चार जजों ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सुप्रीम कोर्ट की प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए थे। खासकर मुकदमों के आवंटन को लेकर खास चिंता व्यक्त की थी। उन्होंने दो महीने पहले चीफ जस्टिस को लिखे उस पत्र को भी सार्वजनिक किया था, जिसमें उन्होंने अपनी चिंताएं चीफ जस्टिस के समक्ष व्यक्त की थीं।

जस्टिस चेलामेश्वर के छुट्टी पर जाने की खबर
सूत्रों का कहना है कि चार सीनियर जजों का मानना है कि इस पूरे मामले में उनकी छवि पर प्रश्न चिन्ह उठाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने पहले इस तरह के संकेत दिए थे चीफ जस्टिस पत्र में उठाए गए मुद्दों पर चर्चा करने के लिए फुल कोर्ट की मीटिंग बुला सकते हैं लेकिन अब तक ऐसा नहीं हुआ है।












Click it and Unblock the Notifications