नागरिकता कानून पर हिंसक प्रदर्शन के बीच सोनिया गांधी के आवास पर कोर कमेटी की बैठक शुरू
नई दिल्ली। नागरिकता संशोधन कानून को लेकर पूरे देश में हिंसक प्रदर्शन हो रहा है। इस बीच विरोध को लेकर चर्चा करने के लिए कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी के आवास पर कांग्रेस कोर कमेटी की बैठक बुलाई गई है। बता दें कि आज लाल किले से कई नेताओं को विरोध प्रदर्शन के दौरान हिरासत में लिया गया है। आपको बता दें कि नागरिकता संशोधन एक्ट के खिलाफ देशभर में प्रदर्शन जारी है।

लेफ्ट पार्टियों ने आज भारत बंद का आह्वान किया है। प्रदर्शन को देखते हुए देश के कई हिस्सों में धारा 144 लगाई गई है। उत्तर प्रदेश, कर्नाटक के कई हिस्सों में बड़े प्रदर्शन की संभावना है। इसके अलावा, भोपाल, बैंगलुरु, हैदराबाद, चेन्नई, मुंबई और जम्मू में भी लेफ्ट का प्रदर्शन है।
लखनऊ में आगजनी
यूपी की राजधानी लखनऊ में नागरिकता संशोधन कानून के विरोध ने हिंसक रूप ले लिया। लखनऊ के हसनगंज इलाके में उप्रदवियों ने पुलिस चौकी में आग दी और कई गाड़ियों को भी जला दिया। उन्हें रोकने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े और लाठीचार्ज की। उधर तमाम इंतजामों के बावजूद लखनऊ के परिवर्तन चौक पर प्रदर्शन हुआ। इनमें जामिया और एएमयू के छात्र भी हैं। पुलिस इन्हें हिरासत में ले रही है। इनकी मांग है कि कानून वापस लिया जाए।
लखनऊ के डालीगंज में लोग घर के भीतर से पत्थरबाजी कर रहे हैं और कांच की बोतलें भी फेंक रहे हैं। पुलिस का कहना है कि वह हालात को नियंत्रित करने की कोशिश कर रही है। छोटे-छोटे बच्चे भी पुलिस पर पत्थर बरसा रहे हैं। आसपास के इलाकों से छतों से पुलिस के ऊपर पत्थर फेंके जा रहे हैं। एक गली से पुलिस दाखिल होती है तो दूसरी गली से पथराव शुरू हो जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications