नागरिकता कानून के खिलाफ विरोध प्रदर्शन के बीच गृह मंत्रालय ने बुलाई समीक्षा बैठक
नई दिल्ली। देशभर में नागरिकता संशोधन एक्ट के खिलाफ हो रहे प्रदर्शन को देखते हुए गृह मंत्रालय ने इस मामले को लेकर समीक्षा बैठक बुलाई है। जानकारी के अनुसार यह बैठक देशभर में हो रहे विरोध प्रदर्शन के मद्देनजर बुलाई गई है। जिस तरह से यूपी, दिल्ली, कर्नाटक सहित तमाम जगहों पर नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ प्रदर्शन हो रहा है उसके बाद कई जगहों पर धारा 144 को लागू कर दिया गया है तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए भारी सुरक्षाबलों को तैनानत किया गया है।

बता दें कि आज लखनऊ में हुए हिंसक प्रदर्शन के दौरान एक युवक की गोली लगने से मौत हो गई। सीतापुर रोड पर शिया कॉलेज से पहले स्थित मदेयगंज पुलिस चौकी पर प्रदर्शनकारियों की उग्र भीड़ ने हमला बोलकर आग लगा दी। गलियों में पथराव हुआ और सरकार विरोधी नारेबाजी की गई। पुलिस ने भीड़ को काबू करने के लिए हवाई फायर व लाठीचार्ज किया। लखनऊ में हुई हिंसा की जानकारी देते हुए ओपी सिंह ने कहा कि शहर में हालात अब सामान्य हैं, कुछ जगहों पर घटनाएं हुई हैं जहां पर प्रदर्शनकारियों ने कहा था कि वह इकट्ठा होंगे। इन लोगों ने पुलिस पर पत्थर फेंके और मीडिया की ओबी वैन को आग लगा दी। हमने उनका पीछा किया और उनके उपर आंसू गैस के गोले फेंके, फिलहाल हालात काबू में हैं।
ओपी सिंह ने बताया कि लखनऊ में हुई हिंसा में कुल 55 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, हम तमाम सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल कर रहे हैं। एसएसपी लखनऊ इस मामले में उचित कार्रवाई करेंगे, हम किसी को भी बख्शेंगे नहीं जो इस हिंसा में शामिल है। बता दें कि इससे पहले योगी आदित्यनाथ ने भी कहा था कि जिन लोगों ने हिंसा की है, उनकी पहचान वीडियो फुटेज के आधार पर की जाएगी और उनसे हुए नुकसान की भरपाई उनकी संपत्ति को सीज करके की जाएगी। योगी आदित्यनाथ ने साफ किया है कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications