कोरियोग्राफर पुनीत पाठक ने कर ली है शादी, दुल्हन के साथ वायरल हुई तस्वीरें और Video
नई दिल्ली। कोरोना वायरस महामारी का शादियों के आयोजन पर कोई असर नहीं दिखा है। हर साल की तरह इस वर्ष भी कई जोड़े शादी के बंधन में बंध रहे हैं, हालांकि इस बीच कोरोना वायरस प्रोटोकॉल का भी ध्यान रखा जा रहा है। फिल्म जगत से भी इस साल कई फेमस जोड़ियों ने सात फेरे लेकर एक साथ रहने की कसम खाई। इसमें से एक नाम मशहूर कोरियोग्राफर-डांसर पुनीत जे पाठक का भी है। पुनीत ने शुक्रवार को अपनी मंगेतर निधि मुनि सिंह के साथ शादी कर ली है। सोशल मीडिया पर शादी के जोड़े में पुनीत और निधि की कुछ तस्वीरें और वीडियो भी वायरल हो रही हैं।

कोरियोग्राफर पुनीत ने की शादी
शादी की वायरल तस्वीरों में पॉपुलर रिएलिटी शो 'खतरों के खिलाड़ी' के सीजन 9 के विनर और कोरियोग्राफर-डांसर पुनीत जे पाठक हल्के गुलाबी रंग की शेरवानी में नजर आ रहे हैं। वहीं, उनकी पत्नी निधि गुलाबी रंग के लहंगे में काफी खूबसूरत नजर आ रही हैं। पुनीत और निधि की शादी में टीवी और फिल्म इंडस्ट्री से भी कई सेलेब्स शामिल हुए। हाल ही में एनसीबी की कार्रवाई से चर्चा में आईं कॉमेडियन भारती सिंह भी अपने पति हर्ष लिम्बाचिया के साथ पुनीत की शादी में पहुंची थी।

शादी का वीडियो भी आया सामने
शादी समारोह का एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें पुनीत और निधि एक दूसरे का साथ काफी खुश नजर आ रहे हैं। इस दौरान पुनीत और निधि ने स्टेज पर एक रोमांटिक गाने पर डांस भी किया। आपको बता दें कि पुनीत एक कोरियोग्राफर-डांसर के अलावा एक्टर भी हैं। उन्होंने रेमो डिसूजा की फिल्म एबीसीडी से बॉलीवुड में डेब्यू किया था। इसके बाद वह नवाबजादे में भी नजर आए और हाल ही में वरुण धवन के साथ उनकी फिल्म स्ट्रीट डांसर नजर आई थी।
इंस्टाग्राम पर किया था शादी की डेट का ऐलान
पुनीत ने अपनी शादी की डेट का ऐलान पहले ही इंस्टाग्राम पर कर दिया था। उन्होंने एक प्यारा सा कैप्शन शेयर करते हुए लिखा, 'एक तारीख जो हमारे साथ हमेशा रहेगी, एक डेट जो हमेशा के लिए हमें बदल देगी, हमारी जिंदगी का एक नया चैप्टर 11/12/2020 को शुरू हो रहा है, तुम्हारी, मेरी और हमारी कहानियों का एक खूबसूरत चैप्टर'। आपको बता दें कि इससे पहले नेहा कक्कड़ ने रोहनप्रीत सिंह के साथ और आदित्य नारायण ने गर्लफ्रेंड श्वेता अग्रवाल के साथ शादी के बंधन में बंधे हैं।
यह भी पढ़ें: कबड्डी के स्टार प्लेयर राहुल चौधरी ने पायलेट हिताली से की शादी, हेलिकॉप्टर से गांव लेकर पहुंचे अपनी दुल्हनिया












Click it and Unblock the Notifications