'राहुल गांधी ने जो किया, ये कतई कोई शिवभक्त बर्दाश्त नहीं करेगा', क्यों कांग्रेस नेता पर भड़के चिराग पासवान
Chirag Paswan on Rahul Gandhi: फूड प्रोसेसिंग मंत्री और लोजपा प्रमुख चिराग पासवान ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के उस बयान की आलोचना की है, जिसमें उन्होंने 'हिंदुओं के हिंसा करने' वाली बात कही है। चिराग पासवान ने कहा कि राहुल गांधी ने देश के सभी हिंदुओं को अपने बयान से दुखी किया है।
चिराग पासवान ने कहा कि, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष होने के नाते राहुल गांधी को अपनी बात जिम्मेदारी से रखनी चाहिए थी। चिराग पासवान ने कहा कि, राहुल गांधी ने जिस तरह से हिंदुओं का अपमान किया है, वो बर्दाश्त नहीं किया जा सकता है।

ये भी पढ़ें- 'अयोध्या की जनता छोड़िए, ये BJP वालों को भी डराते हैं', राहुल का PM मोदी पर आरोप, राजनाथ-गडकरी को लेकर कही बात
चिराग पासवान ने कहा- कोई भी शिवभक्त इसे बर्दाश्त नहीं कर सकता
फूड प्रोसेसिंग मंत्री चिराग पासवान ने राहुल गांधी पर पलटवार करते हुए कहा,
''कोई भी शिवभक्त इसे बर्दाश्त नहीं कर सकता। आप लोगों की आस्था के साथ खिलवाड़ कर रहे थे। ये आस्था सिर्फ सदन में बैठे लोगों की नहीं है, ये आस्था देश के करोड़ों लोगों की है। मैं खुद शिवभक्त हूं, जिस तरीके से भगवान शिव की तस्वीर को बार-बार उठाकर, आप ताना ही कस रहे थे ना, आप तंज ही कर रहे थे ना, कि भगवान शिव ने बोला, डरो मत, डराओ, मत, जिस अनादर के साथ आप उनकी तस्वीर को रख रहे थे। जिस तरह से उसके ऊपर कागज-पत्र रखी जा रही थी। किस तरीके की आपकी आस्था है ये। और किस तरीके से आप लोगों की भावना के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। ये कतई कोई भी शिवभक्त बर्दाश्त नहीं करेगा।''
चिराग पासवान ने आगे कहा, ''विपक्ष के नेता के तौर पर अगर आपको बात रखनी है तो आप तथ्यों के साथ कीजिए। आपने सिर्फ सदन को भ्रमित करने का काम किया। सिर्फ गलत बयानबाजी करके सदन को भ्रमित किया। मैं गृह मंत्री और स्पीकर का धन्यवाद करूंगा जिन्होंने उनको सत्यापन के लिए बाध्य किया।''
रवि किशन ने कहा- राहुल गांधी पूरे 100 करोड़ हिंदुओं पर आ गए
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के संसद में दिए गए भाषण पर भाजपा सांसद रवि किशन ने कहा, "राष्ट्रपति के अभिभाषण पर चर्चा करनी थी और वे (राहुल गांधी) पूरे 100 करोड़ हिंदुओं पर आ गए। आज के उनके भाषण में अपरिपक्वता तो झलकी थी लेकिन वे केवल उकसाने के लिए ही आए थे। उनमें पीड़ा नजर नहीं आ रही थी। वे मजाक कर रहे थे, वे भगवान शिव की तस्वीर के साथ जिस तरह से खेल रहे थे... एक हिंदू होने के नाते, शिव भक्त होने के नाते मैं आज बहुत दुखी हुआ।"
भाजपा सांसद रवि शंकर प्रसाद ने कहा, ''वे (राहुल गांधी) पहली बार नेता प्रतिपक्ष बने हैं, उन्हें सम्मान से बात करनी चाहिए लेकिन वे क्या-क्या बोल गए। क्या किसी और धर्म की आस्था के बारे में वे सदन में इस तरह की हल्की बात कर सकते हैं?..."
राहुल गांधी ने हिंदुओं पर क्या दिया है बयान?
राहुल गांधी ने कहा, "अभयमुद्रा कांग्रेस का प्रतीक है, अभयमुद्रा निर्भयता का संकेत है, आश्वासन और सुरक्षा का संकेत है, जो भय को दूर करता है और हिंदू, इस्लाम, सिख धर्म, बौद्ध धर्म और अन्य भारतीय धर्मों में दैवीय सुरक्षा और आनंद प्रदान करता है। मोदीजी ने अपने भाषण में कहा था कि, हिंदुस्तान ने कभी किसी पर हमला नहीं किया। इसका कारण है कि हमारे सभी महापुरुषों ने अहिंसा और भय खत्म करने की बात की है...लेकिन, जो लोग खुद को हिंदू कहते हैं, वो 24 घंटा हिंसा, हिंसा, हिंसा, नफरत, नफरत, नफरत, असत्य, असत्य, असत्य, आप हिंदू हो ही नहीं। हिंदू धर्म में साफ लिखा है, सत्य के साथ खड़ा होना चाहिए। सत्य से पीछे नहीं हटना चाहिए। सत्य से नहीं डरना चाहिए। अहिंसा, हमारा प्रतीक है।''
राहुल गांधी के इस बयान पर जब पीएम मोदी ने कहा कि, पूरे हिंदू समाज को हिंसक कहना, गंभीर मामला है। तब राहुल गांधी ने जवाब दिया कि, 'नरेंद्र मोदी पूरा हिंदू समाज नहीं हैं, भाजपा पूरा हिंदू समाज नहीं है, RSS पूरा हिंदू समाज नहीं है। ये BJP का ठेका नहीं है।''












Click it and Unblock the Notifications