चिराग पासवान बोले- 'मुझे पीएम की तस्वीर की जरूरत नहीं, मैं उनका हनुमान हूं मेरे दिल में बसते हैं'
पटना। बिहार चुनाव (bihar assembly elections 2020) में लोक जनशक्ति पार्टी के प्रधानमंत्री की तस्वीर के इस्तेमाल पर पार्टी के अध्यक्ष चिराग पासवान (Chirag Paswan) ने बड़ा बयान दिया है। चिराग ने खुद को प्रधानमंत्री का हनुमान बता डाला। इस दौरान उन्होंने सीएम नीतीश कुमार पर भी निशाना साधा।
Recommended Video

चिराग पासवान ने एएनआई से कहा कि "तस्वीर को लेकर मुख्यमंत्री निरंतर परेशान थे कि ये लोग प्रधानमंत्री की तस्वीर का इस्तेमाल न कर लें। कहां पर कर रहा हूं मैं ? कौन सा मेरा प्रत्याशी प्रधानमंत्री की तस्वीर लगा रहा है? आप कोई भी ऐसा बैनर, होर्डिंग, पोस्टर, मेरी प्रचार सामग्री या मेरा मेनिफेस्टो जो मैं कल परसों में रिलीज कर रहा हूं, कहीं भी आप दिखा दीजिए कि मैं प्रधानमंत्री की तस्वीर का इस्तेमाल कर रहा हूं। और मुझे कभी भी प्रधानमंत्री की तस्वीर लगाने की जरूरत ही नहीं है। मैं उनका हनुमान हूं। मेरे दिल में उनकी तस्वीर बसती है। किसी दिन होगा तो छाती चीरकर भी दिखा दूंगा कि हां प्रधानमंत्री भक्त हैं। तस्वीर की जरूरत मुख्यमंत्री को है। हां वे लगाएं प्रधानमंत्री की तस्वीर क्योंकि उन्होंने निरंतरता में प्रधानमंत्री जी का विरोध किया है।"
बिहार में अलग चुनाव लड़ रही लोजपा
बता दें कि लोक जनशक्ति पार्टी बिहार में एनडीए से अलग होकर चुनाव लड़ रही है। अलग चुनाव लड़ने के ऐलान के समय पार्टी ने कहा था कि वह बिहार में जेडीयू के खिलाफ अकेले चुनाव में जा रही है। पार्टी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जमकर तारीफ की थी और खुद को एनडीए का हिस्सा बताया था। इसके चलते कई सवाल उठे कि कहीं बीजेपी ही तो नहीं चिराग को पीछे से सपोर्ट कर रही है। इस सवाल को और ताकत तब मिली जब लोजपा ने कहा कि पार्टी के विधायक नरेंद्र मोदी के विचारों को मजबूत करेंगे और चुनाव बाद प्रदेश में भाजपा-लोजपा सरकार बनेगी।
यही वजह रही कि बिहार के प्रदेश अध्यक्ष और डिप्टी सीएम सुशील मोदी को सफाई भी देनी पड़ी। सुशील मोदी ने कहा कि लोजपा बिहार में एनडीए का हिस्सा नहीं है। बिहार में वही एनडीए का हिस्सा होगा जो नीतीश को नेता मानेगा। सुशील मोदी को यहां तक कहना पड़ा कि चाहे सीट कम हों या ज्यादा नीतीश कुमार ही सीएम होंगे।
अब भी नहीं थम रहे सवाल
सुशील मोदी के सफाई देने के बाद भी सवाल रुके नहीं है। उसकी वजह है कि लोजपा उन्हीं सीटों पर चुनाव लड़ रही है जहां पर जेडीयू के उम्मीदवार हैं। हालांकि कुछ सीटों पर भाजपा के खिलाफ भी उम्मीदवार उतारें हैं लेकिन इनकी संख्या गिनी-चुनी ही है। यही नहीं एनडीए के सीट बंटवारें में जो सीटें जेडीयू के हिस्से में गई हैं लोजपा उन सीटों पर भाजपा के बागियों को मैदान में उतार रही है। लोजपा के प्रत्याशियों पर नरेंद्र मोदी के नाम पर चुनाव में वोट मांगने के आरोप भी लग रहे हैं। बीजेपी ने कहा था कि अगर एनडीए के बाहर कोई प्रधानमंत्री की तस्वीर का इस्तेमाल करेगा तो वह चुनाव आयोग में शिकायत करेगी।












Click it and Unblock the Notifications