चीनी विदेश मंत्री आज जयशंकर और NSA डोभाल से करेंगे मुलाकात
नई दिल्ली, मार्च 24। बीते कुछ दिन पहले पाकिस्तान में कश्मीर को लेकर आपत्तिजनक बयान देने वाले चीन के विदेश मंत्री वांग यी भारत के दौरे पर दिल्ली पहुंच गए हैं। ANI की खबर के मुताबिक, शुक्रवार को वांग यी की मुलाकात भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर और NSA अजीत डोभाल से हो सकती है। विदेश मंत्री से उनकी मुलाकात 11 बजे संभव बताई जा रही है। बता दें कि भारत में 2 साल के बाद यह पहली चीनी उच्च स्तरीय यात्रा है। आपको बता दें कि वांग यी का भारत दौरा उनकी एशिया यात्रा का एक हिस्सा है।

वांग यी के बयान भारत ने दी थी यह प्रतिक्रिया
आपको बता दें कि चीन के विदेश मंत्री वांग यी का भारत दौरा ऐसे वक्त में हुआ है, जब उन्होंने हाल ही में पाकिस्तान में एक कार्यक्रम में कश्मीर पर बयान दिया था। भारत ने उनके बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि उनकी यह "अनावश्यक" टिप्पणी है, जम्मू कश्मीर का मामला हमारा आंतरिक मामला है और पाकिस्तान और चीन दोनों ही यह बात जानते हैं।
क्या कहा था वांग यी ने?
चीनी विदेश मंत्री वांग यी ने पाकिस्तान में इस्लामिक सहयोग संगठन के कार्यक्रम में कश्मीर का जिक्र किया था। उन्होंने कहा, "कश्मीर पर हमने आज फिर से अपने कई इस्लामी दोस्तों की बातें सुनी है और चीन भी ऐसी ही उम्मीद करता है।" उनके इस बयान के बाद भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कहा था, "केंद्र शासित प्रदेश जम्मू और कश्मीर से संबंधित मामले पूरी तरह से भारत के आंतरिक मामले हैं। चीन सहित अन्य देशों को इस मामले में कुछ भी बोलने का अधिकार नहीं है।"












Click it and Unblock the Notifications