घुसपैठ की कोशिश करने वाला चीन अब आया लाइन पर, रोका सड़क निर्माण कार्य, भारत ने लौटाए जब्त सामान
नई दिल्ली। भारतीय सौनिकों के कड़े रुख के बाद अब चीन अरुणाचल प्रदेश से सटे इलाकों में सड़क निर्माण कार्य को रोकने के लिए राजी हो गया है। जिसके बाद भारत ने चीन सैनिकों के जब्त किए गए सामान को लौटा दिया है। बता दें कि हाल ही में चीनी सेना सड़क निर्माण कार्य के लिए भारतीय सीमा में अरुणाचल प्रदेश के टूटिंग इलाके में घुस आई थी। जिसके बाद भारतीय सैनिकों ने चीनी सैनिकों के समान को जब्त करते उन्हें भारतीय सीमा से खदेड़ दिया था।

डोकलाम में भी चीनी सैनिकों की संख्या घटी
थलसेनाध्यक्ष बिपिन रावत ने सोमवार को बताया, 'टूटिंग विवाद को सुलझा लिया गया है। दोनों देशों के बीच इस मुद्दे को लेकर दो दिन पहले बार्डर पर्सोनेल मीटिंग हुई थी।' मिली जानकारी के मुताबिक इस मीटिंग में चीन ने सड़क निर्माण कार्य को रोकने के लिए हामी भरी जिसके बाद भारतीय सैनिकों ने भी चीनी सैनिकों के जब्त सड़क निर्माण कार्य को लौटा दिया। बिपिन रावत ने बताया कि इसके साथ ही चीन ने डोकलाम में तैनात अपने सैनिकों की संख्या में भी कटौती की है।

सेना को टेक्नोलॉजी पर काम करने की जरूरत
बता दें कि आर्मी चीफ सोमवार को नई दिल्ली में आर्मी टेक्नॉलजी सेमिनार में आए थे। इसी दौरान उन्होंने मीडिया से ये बातें कहीं। जनरल बिपिन रावत ने नई दिल्ली में आर्मी टेक्नोलॉजी सेमिनार को संबोधित करते हुए कहा कि आर्मी के सभी फील्ड में टेक्नोलॉजी की बेहद आवश्यकता है, क्योंकि भविष्य के युद्ध बहुत ही विपरित परिस्थितियों और खतरनाक क्षेत्रो में लड़ने होंगे और उसके लिए हमे तैयार रहने की जरुरत है।

अब अपने बनाए हथियारों से लड़ेंगे
आर्मी में टेक्नोलॉजी की बात करते हुए जनरल रावत ने कहा कि हल्के वजन वाले बुलेट प्रूफ मटेरियल और ईंधन सेल टेक्नोलॉजी उपलब्ध करवाने की एक अच्छी पहल शुरू हुई है, जो आगे भी जारी रखी जानी चाहिए। रावत ने भरोसा दिलाया कि जो भी नई टेक्नोलॉजी सेना को उपलब्ध करवाई जाएगी, उसमें सेना को नई ताकत मिलेगी और इसका भरपूर उपयोग किया जाएगा। रावत ने आगे कहा कि हम अब धीरे-धीरे डिफेंस टेक्नोलॉजी के हथियार खरीदने के ट्रेंड से बाहर आ रहे हैं, क्योंकि अब समय आ गया है कि घरेलू हथियारों से ही हम अगला युद्ध लड़ें। बता दें कि हाल ही के दिनों में डीआरडीओ और इंडियन एयर फोर्स के कहने पर भारत सरकार ने कई डिफेंस डील रद्द की है।












Click it and Unblock the Notifications