केंद्र सरकार के निर्देश के बाद 3 जनवरी से बच्चों को सिर्फ लगेगी कोवैक्सीन की डोज, कर्मचारियों की होगी ट्रेनिंग
नई दिल्ली, दिसंबर 28। जनवरी 2021 में ही भारत के टीकाकरण अभियान की शुरुआत हुई थी और ठीक एक साल बाद जनवरी 2022 में भारत अपने टीकाकरण अभियान में बच्चों को भी जोड़ने वाला है। 3 जनवरी से देश में 15-18 साल की उम्र के बच्चों को वैक्सीन लगना शुरू हो जाएगी। सरकार ने इसको लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को बच्चों के टीकाकरण को लेकर विशेष निर्देश दिए हैं।

बच्चों को केवल लगेगी कोवैक्सीन
आपको बता दें कि बच्चों का टीकाकरण भी कोविन पोर्टल के माध्यम से ही होगा। बच्चों के परिजनों को पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कराना होगा। साथ ही केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने राज्य सरकारों को सलाह दी है कि टीकाकरण शुरू करने से पहले टीका लगाने वाले डॉक्टरों को अच्छे से ट्रेनिंग दी जाए। राज्य सरकारों को केंद्र की तरफ से मिले निर्देश में कहा गया है कि बच्चों को सिर्फ कोवैक्सीन की डोज ही लगाई जाए, क्योंकि कोवैक्सीन ही इकलौती अभी वैक्सीन है जिसे बच्चों के लिए आपात इस्तेमाल की मंजूरी मिली है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने राज्य सरकारों को ये भी निर्देश दिए हैं कि बच्चों के वैक्सीनेशन के लिए ट्रेनिंग देने के लिए समर्पित केंद्र स्थापित किए जा सकते हैं।
देश की 8 करोड़ आबादी होगी टीकाकरण के नए फेज में कवर
आपको बता दें कि 3 जनवरी से टीकाकरण का जो नया फेज शुरू होगा, उसमें करीब देश की 8 करोड़ आबादी को कवर किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को ही देश के नाम संबोधन में ये ऐलान किया था कि 3 जनवरी से 15-18 साल की उम्र के बच्चों का टीकाकरण देश में शुरू होगा। साथ ही उन बुजुर्गों को वैक्सीन की बूस्टर डोज दी जाएगी, जो फ्रंटलाइन वर्कर या फिर हमारे कोरोना वॉरियर्स हैं। पीएम मोदी ने कहा था कि बच्चों के टीकाकरण से स्कूल और कॉलेजों में जाने वाले बच्चों के लिए उनके माता-पिता की चिंता थोड़ी कम होगी।












Click it and Unblock the Notifications