AI Impact Summit में छत्तीसगढ़ का स्टॉल बना आकर्षण का केंद्र
छत्तीसगढ़ ने AI इम्पैक्ट समिट में अपनी AI क्षमताओं और नया रायपुर में प्रस्तावित AI डाटा सेंटर पार्क को उजागर किया। स्टाल ने निवेशकों और तकनीकी विशेषज्ञों को आकर्षित किया, जिसमें डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर, 2024-30 नीति के तहत प्रोत्साहन, और राज्य को भविष्य के तकनीकी केंद्र के रूप में स्थापित करने की क्षमता पर ध्यान केंद्रित किया गया।
नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित एआई इम्पैक्ट समिट में छत्तीसगढ़ द्वारा स्थापित स्टॉल देश-विदेश से आए निवेशकों, तकनीकी विशेषज्ञों और उद्योग प्रतिनिधियों के लिए प्रमुख आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।

"छत्तीसगढ़ ड्रिवन बाय इंटेलिजेंस" थीम पर आधारित इस स्टॉल में राज्य की उभरती कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) क्षमताओं, अत्याधुनिक डिजिटल अधोसंरचना और निवेश संभावनाओं को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया जा रहा है। डिजिटल प्रस्तुतियों, सूचना पैनलों और इंटरैक्टिव माध्यमों के जरिए छत्तीसगढ़ को उभरते टेक्नोलॉजी हब के रूप में पेश किया गया है, जिससे निवेशकों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
स्टॉल में नवा रायपुर में स्थापित किए जा रहे देश के पहले एआई डाटा सेंटर पार्क की जानकारी प्रमुखता से दी जा रही है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना में लगभग 1000 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव है और एक लाख तक ग्राफिक्स प्रोसेसिंग यूनिट (GPU) स्थापित करने की क्षमता विकसित की जाएगी। यह परियोजना एआई आधारित सेवाओं, उच्च क्षमता डाटा प्रोसेसिंग और डिजिटल नवाचार को नई गति देगी तथा छत्तीसगढ़ को भविष्य की अर्थव्यवस्था के महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में स्थापित करने में सहायक होगी।
मुख्यमंत्री का बयान
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि एआई इम्पैक्ट समिट में छत्तीसगढ़ का स्टॉल निवेशकों और तकनीकी विशेषज्ञों के लिए आकर्षण का केंद्र बनना राज्य के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि नवा रायपुर में एआई डाटा सेंटर पार्क के माध्यम से राज्य को डिजिटल नवाचार, उच्च तकनीकी निवेश और भविष्य की अर्थव्यवस्था का अग्रणी केंद्र बनाने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल प्रदेश के युवाओं को नई संभावनाएं प्रदान करेगी, नवाचार और उद्यमिता को प्रोत्साहित करेगी तथा छत्तीसगढ़ के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत आधारशिला रखेगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि दूरदर्शी नीतियों के साथ राज्य को डिजिटल क्रांति के अग्रणी राज्यों में स्थापित किया जाएगा।
निवेशकों को दी जा रही विशेष जानकारी/
स्टॉल पर औद्योगिक विकास नीति 2024-30 के तहत एआई, रोबोटिक्स और उन्नत प्रौद्योगिकी क्षेत्रों के लिए उपलब्ध विशेष प्रोत्साहनों, अनुदानों और निवेश-अनुकूल वातावरण की जानकारी भी दी जा रही है। नवा रायपुर स्मार्ट सिटी, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, बेहतर कनेक्टिविटी और उद्योग-हितैषी नीतियों को प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया है। अधिकारियों द्वारा निवेशकों को अधोसंरचना, नीतिगत प्रोत्साहनों और संभावित निवेश अवसरों की विस्तृत जानकारी दी जा रही है।
इस दौरान कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय कंपनियों तथा तकनीकी संस्थानों के प्रतिनिधियों ने छत्तीसगढ़ में एआई और डाटा सेंटर क्षेत्र में निवेश की संभावनाओं में रुचि दिखाई। यह सहभागिता राज्य को उभरते टेक्नोलॉजी और इनोवेशन इकोसिस्टम के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications