ओबामा की यात्रा से पहले केमिकल बम की ट्वीट ने मचाई सनसनी
बेंगलुरु। बराक ओबामा की भारत यात्रा शुरू होने से पहले गुरुवार को एक ट्वीट से उस समय सनसनी मच गई जिसमें एक ट्विटर हैंडल से केमिकल बम से जुड़ा एक ट्वीट किया गया। @mangetgas इस ट्विटर हैंडल से की गई ट्वीट में कहा गया कि बराक ओबामा की भारत यात्रा के दौरान केमिकल बम का आइडिया काफी बेहतर रहेगा। यह ट्वीट सही था या फिर किसी की शरारत थी इसके बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी लेकिन इस मसले पर नेशनल इनवेस्टिगेटिंग एजेंसी एनआईए की ओर से जांच शुरू कर दी गई है।

मुसलमानों के दुश्मन ओबामा
एनआईए इस मसले पर कुछ नहीं कह रही है लेकिन उसका कहना है कि आईएसआईएस में शामिल होने की ख्वाहिश रखने वाले युवा की ओर से इस तरह की शरारत को अंजाम दिया गया हो सकता है।
गौरतलब है कि महाराष्ट्र का ठाणे वही जगह है जहां से आईएसआईएस में शामिल होने के लिए चार लड़के इराक के लिए निकले थे। इनमें से एक आरीफ माजिद नामक शख्स वापस लौट आया है।
एनआईए का कहना है कि वह इस ट्विटर हैंडल पर नजर बनाए हुए है। ट्वीट करने के अंदाज से एनआईए ने अंदाजा लगाया है कि इस हरकत को आईएसआईएस में शामिल होने वाले किसी युवा की ओर से अंजाम दिया गया है। एनआईए का कहना है कि वह इस मसले की तह तक पहुंच कर रहेगी।
@mangetgas इस ट्विटर हैंडल से जो ट्वीट की गई है उसमें कहा गया है कि मुसलमानों के दुश्मन भारत आ रहे हैं। भारतीय मुसलमान केमिकल बम बनाने में काफी माहिर हैं और ऐसे में केमिकल बम एक बेहतर विकल्प रहेगा।
हो सकती है शरारत
वहीं इंटेलीजेंस ब्यूरों के अधिकारी की मानें तो यह शरारत पिछले दिनों मुंबई एयरपोर्ट पर की गई शरारत की ही तरह हो सकती है। उनका कहना है कि ज्यादातर समय आतंकी अपनी किसी भी योजना को सार्वजनिक नहीं करते हैं।
इस तरह की शरारत करके ऐसे तत्व सुरक्षा अधिकारियों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित करना चाहते हैं। इस तरह की हरकतों से वह या तो संवेदनशील मुद्दों का फायदा उठाना चाहते हैं या फिर सुरक्षा एजेंसियों का ध्यान भटकाना चाहते हैं।
मुंबई एयरपोर्ट पर मिले संदेश और फिर इस संदेश से साफ है कि ऐसे लोगों का मकसद सिर्फ जनता के बीच डर की स्थिति पैदा करना है। वहीं दूसरी ओर एजेंसियां इस संदेश को नजरअंदाज नहीं कर रही हैं।
अधिकारियों की मानें तो इस तरह के संदेशों का किसी भी हाई-प्रोफाइल विजिट के दौरान आना सामान्य बात है। लेकिन इस बार इस तरह की हरकतों को अनुपात काफी ज्यादा है।












Click it and Unblock the Notifications