गृह मंत्री अमित शाह के घर में निकला 5 फुट लंबा 'चेकर्ड कीलबैक' सांप, मचा हड़कंप
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दिल्ली स्थित आवास पर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब वहां करीब 5 फुट लंबा एक सांप निकल आया।
अमित शाह के घर में मिला पांच फुट लंबा सांप (snake at amit shah house): केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दिल्ली स्थित आवास पर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब वहां करीब 5 फुट लंबा एक सांप निकल आया। अमित शाह के आवास पर बने गार्ड रूम के पास सुरक्षाकर्मियों की नजर जैसे ही इस सांप पर पड़ी, तुरंत वन्य जीव संरक्षण के लिए काम करने वाले एक एनजीओ को इसकी सूचना दी गई। इसके बाद एनजीओ की टीम वहां पहुंची और सांप को पकड़कर अपने साथ ले गई। (फोटो: साभार विकिपीडिया)

चेकर्ड कीलबैक प्रजाति का था सांप
मामला गुरुवार का है, जब चेकर्ड कीलबैक प्रजाति का ये सांप अमित शाह के आवास पर गार्ड रूम के पास देखा गया। इस सांप को आमतौर पर एशियाई पानी के सांप के नाम से भी जाना जाता है। हालांकि यह सांप जहरीला नहीं होता। सांप को पकड़ने वाले एनजीओ ने बताया, 'सूचना मिलते ही हमारी दो लोगों की टीम सांप को रेस्क्यू करने के लिए तुंरत मौके पर पहुंच गई थी। हालांकि इस दौरान वो सांप गार्ड रूम के चारों तरफ बने लकड़ी के पैनल में एक गैप में घुस गया, लेकिन हमारी टीम ने कुछ ही देर में उस सांप को रेस्क्यू कर लिया।'

दिल्ली में मानसून में पकड़े गए 70 से ज्यादा सांप
आपको बता दें कि चेकर्ड कीलबैक प्रजाति के सांप ज्यादातर नदियों, झीलों, तालाबों जैसी पानी वाली जगहों पर मिलते हैं। इस प्रजाति के सांपों को वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 के तहत मारना अपराध है। इस मानसून सीजन में पूरी दिल्ली में चेकर्ड कीलबैक प्रजाति के 70 से ज्यादा सांपों को रेस्क्यू किया गया था।

'ऐसी स्थिति आए तो सांप को मारें नहीं'
वहीं, वाइल्डलाइफ एसओएस के सीईओ कार्तिक सत्यनारायण ने बताया, 'हम इस बात के लिए केंद्रीय गृह मंत्री के सुरक्षाकर्मियों के बहुत ज्यादा आभारी हैं कि उन्होंने तुरंत उस सांप की सूचना हमें दी। लोगों को इस बात से सीखना चाहिए कि कभी भी ऐसी स्थिति आए तो सांप को मारें नहीं, बल्कि वन्य जीव संस्थाओं को सूचना दें। अक्सर लोग सांप को देखते ही उसे अपना दुश्मन मान लेते हैं और मार देते हैं, जबकि ऐसा नहीं करना चाहिए।'












Click it and Unblock the Notifications