लॉकडाउन के चलते इस बार 5 श्रद्धालुओं ने निकाली पंचमुखी डोली यात्रा, कई फीट बर्फ पर चलकर पहुंचे केदारनाथ
नई दिल्ली। उत्तराखंड के केदारनाथ मंदिर के कपाट 29 अप्रैल से खुल रहे हैं। इस बीच हर साल निकाली जाने वाली पंचमुखी डोली यात्रा इस बार श्रद्धालुओं की मौजूदगी के बिना ही निकाली गई। देशभर में कोरोना वायरस (कोविड-19) संक्रमण को रोकने के लिए लॉकडाउन लगा हुआ है, जिसके चलते लोग इस बार दर्शन के लिए नहीं पहुंच पाए। ये यात्रा चार धाम तीर्थ यात्रा का हिस्सा है। सेना की कुमाओ बटालियन के नेतृत्व में आमतौर पर हर साल 1,000 से अधिक तीर्थयात्रियों के साथ ये यात्रा निकाली जाती है।

लेकिन इस बार केवल पांच लोगों ने ही ये यात्रा निकाली है। उत्तराखंड में स्थित गंगोत्री, यमुनोत्री, केदारनाथ और बदरीनाथ को चार धाम के नाम से जाना जाता है और हर साल इन मंदिरों के कपाट खोले जाने के वक्त हजारों श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं। लेकिन इस बार 3 मई तक लॉकडाउन बढ़ाए जाने के कारण इस यात्रा में कोई भी श्रद्धालु शामिल नहीं हो पाया है। इस वजह से केदारनाथ के 5 श्रद्धालुओं ने सोमवार को भगवान पंचमुखी की मूर्ति के साथ एक पालकी (Panchmukhi Doli Yatra) निकाली। ये सभी लोग 10 फीट बर्फ पर पैदल यात्रा करते हुए केदारनाथ (Kedarnath shrine) पहुंचे।
वार्षिक चार धाम यात्रा की शुरुआत शनिवार को गढ़वाल के हिमालय में स्थित गंगोत्री और यमुनोत्री के कपाट खुलने के साथ होगी। बाबा केदार (भगवान शिव) की उत्सव डोली भी रविवार को ऊखीमठ के ओंकारेश्वर मंदिर से रविवार को केदारनाथ के लिए रवाना होगी। सतपाल महाराज ने इस बारे में पीटीआई से बातचीत करते हुए कहा, 'फिलहाल हमारी प्राथमिकता धार्मिक मान्यताओं और उनसे जुड़ी परंपराओं के अनुसार मंदिर के पोर्टल खोलने की है। इसके अलावा बाकी के सभी फैसले केंद्र सरकार के निर्देशों के अनुसार किए जाएंगे।' बता दें लॉकडाउन में लोगों को घरों में बंद रहने को कहा गया है और सभी तरह की यात्रा पर प्रतिबंध लगा हुआ है।












Click it and Unblock the Notifications