चंद्रयान-3: शिव शक्ति प्वाइंट के आसपास घूम रहा 'प्रज्ञान' रोवर, ISRO ने जारी किया Video
Chandrayaan-3 Pragyan Rover Video: चांद के साउथ पोल पर रोवर 'प्रज्ञान' अपनी खोज में जुट चुका है। गुरुवार से ही चंद्रमा की सतह पर रोवर ने घूमना शुरू किया था। अब इसरो ने प्रज्ञान का नया वीडियो जारी किया है, जिसमें रोवर चांद की जमीन पर घूम रहा है।
इससे पहले इसरो ने छह पहिए वाले 26 किलो वजनी रोवर का चंद्रयान-3 के लैंडर से निकलते हुए पहला वीडियो शुक्रवार को शेयर किया था।

वहीं अब ISRO ने लेटेस्ट एक वीडियो पोस्ट करते हुए बताया कि दक्षिणी ध्रुव पर प्रज्ञान रोवर शिव शक्ति प्वाइंट के आसपास घूम रहा है।
इसरो ने जारी किया ताजा वीडियो
इसरो ने रोवर का ताजा वीडियो साझा करते हुए लिखा, "दक्षिणी ध्रुव पर चंद्र रहस्यों की खोज में प्रज्ञान रोवर शिव शक्ति प्वाइंट के आसपास घूम रहा है!" वीडियो में आप देख सकते हैं कि चंदा की सतह पर रोवर घूम रहा है।
दरअसल, लैंडर विक्रम के 23 अगस्त को शाम 6 बजकर 4 मिनट पर चंद्रमा के साउथ पोल पर उतरने के करीब 14 घंटे बाद गुरुवार सुबह ISRO ने रोवर के बाहर आने की पुष्टि की थी। इससे पहले जानकारी आई थी कि Chandrayaan-3 का रोवर प्रज्ञान चांद की सतह पर करीब 8 मीटर (26.24 फीट) चल चुका है।
वहीं ISRO ने ट्वीट करते हुए जानकारी दी थी कि रोवर, लैंडर और प्रोपल्शन मॉड्यूल की सेहत ठीक है। सभी के पेलोड्स (यंत्र) सही वर्क कर रहे हैं।
आधा किमी चलेगा रोवर
बता दें कि लैंडर से निकलने के बाद चांद की सतह पर उतरते ही रोवर ने अपने सोलर पैनल सबसे पहले खोले। इसरो के अनुसार 1 सेमी प्रति सेकेंड की स्पीड से चलते हुए 'प्रज्ञान' आस-पास की चीजों की स्कैनिंग के लिए नेविगेशन कैमरों का यूज कर रहा है। रोवर 12 दिनों में करीब लैंडर के आसपास आधा किमी एरिया में घूमकर खोज करेगा।
मालूम हो कि 23 अगस्त की शाम को चांद के दक्षिणी ध्रुव पर चंद्रयान-3 की लैंडिंग के बाद भारत पूरे विश्व में पहला देश बन गया था, जो चांद के इस इलाके में पहुंचा है।












Click it and Unblock the Notifications