दिल्ली का चांदनी महल इलाका बना कोरोना हॉटस्पॉट, तीन दिन में तीन की मौत, 52 संक्रमित मिले
नई दिल्ली। पुरानी दिल्ली का चांदनी महल इलाका (chandni mahal) कोरोना वायरस का बड़ा हॉटस्पॉट बन गया है। यहां की 13 मस्जिदों से मिले 102 जमातियों में से 52 कोरोना संक्रमित मिले हैं, जिनमें विदेशी भी शामिल हैं। इनमें आठ महिलाएं भी बताई जा रही हैं। इलाके में तीन दिन के भीतर 3 लोगों की मौत हो गई है। ये दिल्ली के 30 कंटेनमेंट जोन घोषित किए गए इलाकों में से एक है। इलाके में अब भारी सुरक्षा बल तैनात है। डीएम ने सख्त आदेश दिए हैं कि पूरे इलाके को तुरंत सील किया जाए और लोगों को जरूरी सामान घर तक पहुंचाया जाए।
Recommended Video

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, 6 अप्रैल को चांदनी महल इलाके की अलग-अलग 13 मस्जिदों में से जमातियों को निकालकर गुलाबी बाग के क्वारंटीन सेंटर में रखा गया था। अब पूरे इलाके को सैनटाइज किया जा रहा है। इसके साथ ही उन लोगों की पहचान करने की कोशिश भी जारी है, जो इनके संपर्क में आए थे। ये भी कहा जा रहा है कि लोगों का डोर टू डोर सैंपल लिया जाएगा।
बता दें कि राजधानी दिल्ली में कोरोना का कहर बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को जारी आंकड़ो के अनुसार, अब तक दिल्ली में कोरोना से 903 लोग संक्रमित हो चुके हैं। संक्रमित होने वालों में 584 मरकज से जुड़े लोग हैं। दिल्ली में अब तक इस रोग से 14 लोगों की मौत हो चुकी है। बीते 24 घंटे में भी 2 लोगों की मौत हुई है।
स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने शनिवार को बताया कि पूरे देश में पिछले 24 घंटे में कोविड-19 के 1035 नए मामले सामने आए हैं और 40 मौतें हुई हैं। भारत में कोरोना वायरस के मामलों में अब तक की सबसे तेज बढ़त हुई है, मामलों की संख्या बढ़कर 7447 (6565 सक्रिय मामले, 643 ठीक/ डिस्चार्ज मामले और 239 मौत के मामलों को मिलाकर) हो गई है।












Click it and Unblock the Notifications