भरे दरबार में केंद्रीय मंत्री ने पुलिस वाले से कहा- वर्दी उतर सकती है आपकी
बिहारः अपने बयानों से विवादों में रहने वाले केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री अश्विनी चौबे एक बार फिर चर्चा का विषय बन गए हैं। बिहार के बक्सर जिला में जनता दरबार के दौरान केंद्रीय मंत्री ने एक पुलिस वाले को जमकर डांट लगाई। इस दौरान उन्होंने पुलिस वाले की वर्दी उतरवा देने तक की धमकी दे डाली।

दरअसल, जनता दरबार में एक बुजुर्ग ने केंद्रीय मंत्री से शिकायत की तो भरी सभा में अश्विनी चौबे ने क्लास लगा दी। बुजुर्ग का आरोप था कि पुलिसकर्मी उसे गुंडा एक्ट के तहत फंसाने की धमकी दे रहा है।
अश्विनी चौबे बक्सर के डुमरांव में जनता दरबार के दौरान लोगों की समस्या सुन रहे थे। इस दौरान एक व्यक्ति ने उनसे कहा कि डुमराव थाना के एएसआई ने उनका नाम गुंडा एक्ट में नाम डाल दिया है। शिकायत सुनने के बाद अश्विनी चौबे ने पुलिस अधिकारी को तलब करते हुए उनकी खूब क्लास लगाई। केंद्रीय मंत्री ने तो यहां तक कह डाला कि आप पदाधिकारी हैं तो क्या हुआ आपकी भी वर्दी उतर सकती है।
केंद्रीय मंत्री ने पुलिस अधिकारी से सवाल-जवाब करते हुए पूछा कि क्या आपको एक आम आदमी गुंडा नजर आता है। अश्विनी चौबे ने कहा कि जो गुंडा है उस पर तो पुलिस में कार्रवाई करने की हिम्मत नहीं है। लेकिन निर्दोष लोगों का नाम गुंडा रजिस्टर में दर्ज किया जा रहा है।
हालांकि बाद में केंद्रीय ने कहा कि ये मामला साल 2003 का है। जब बीजेपी और दूसरे पार्टी के कार्यकर्ता अपराध और भ्रष्टाचार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे। इन लोगों को तत्कालीन प्रशासन ने गुंडा करार दिया था। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि उन्होंने पुलिस अधिकारी को कहा कि किसी को भी गुंडा कहना सही नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications