तय समय पर ही होंगे मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव: ओपी रावत
भोपाल। विधानसभा चुनाव की तैयारियों का जायजा लेने के लिए तीन दिन के मध्य प्रदेश दौरे पर पहुंचे मुख्य चुनाव आयुक्त ओपी रावत ने कहा है कि सूबे में चुनाव समय पर होंगे। लोकसभा के साथ प्रदेश के विधानसभा चुनाव कराए जाने की खबरों पर रावत ने कहा कि हमारा आना ही इस बात का प्रमाण है कि प्रदेश में चुनाव तय समय पर होंगे।

'एक देश एक चुनाव' के सवाल पर रावत ने कहा कि देश में एक साथ चुनाव कराना संभव नहीं है क्योंकि इसके लिए लगभग 32 लाख ईवीएम चाहिए। अभी आयोग के पास 15-16 लाख मशीनें हैं। इसके अलावा संवैधानिक प्रावधानों में भी संशोधन आवश्यक है। एक साथ चुनाव कराने के लिए केन्द्रीय पुलिस बल भी बड़ी संख्या में चाहिए।
रावत ने कहा है कि भारत में उपयोग की जा रही ईवीएम मशीन विश्वभर में अनोखी है और वीवीपेट से जुड़ने के बाद मतों की संख्या को दोबारा जांच सकते हैं। ईवीएम में टेंपरिंग नहीं हो सकती, उसमें ऑसीलेटरी सर्किट नहीं हैं। इस कारण मशीन को किसी दूसरी मशीन से नहीं जोड़ा जा सकता। टेंपरिंग किए जाने पर वह लॉक हो जाएगी।
अपराधियों के चुनाव लडने के सवाल पर उन्होंने कहा कि इस बारे में आयोग ने एक जनहित याचिका पर जवाब दिया है। कहा है कि सभी प्रकार के दोषी, जिनको सजा हो चुकी है, उनको आजीवन चुनाव लडने से रोका जाए। जिनके विरुद्ध आरोप-पत्र जारी हो चुका है उन पर भी चुनाव लडने से प्रतिबंध लगाया जाना चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications