अगले दो हफ्ते में पूरी हो जाएगी CDS हेलीकॉप्टर क्रैश की जांच: सूत्र
नई दिल्ली, 16 दिसंबर: भारत के पहले सीडीएस जनरल बिपिन रावत का हेलीकॉप्टर 8 दिसंबर को तमिलनाडु के नीलगिरी जिले में क्रैश हो गया था। जिसमें सीडीएस, उनकी पत्नी समेत 14 लोग मारे गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए रक्षा मंत्रालय ने एक जांच समिति का गठन किया था। जिसमें तीनों सेनाओं के अधिकारी शामिल हैं। साथ ही एयर मार्शल मानवेंद्र सिंह इस टीम का नेतृत्व कर रहे। भारत सरकार के सूत्रों ने बताया कि ये टीम अगले दो हफ्ते के अंदर जांच पूरी कर लेगी।
Recommended Video

इस जांच दल को लीड कर रहे एयर मार्शल मानवेंद्र सिंह खुद बेहतरीन हेलीकॉप्टर पायलट हैं। इसके अलावा इसमें भारतीय सेना और नौसेना से एक-एक ब्रिगेडियर-रैंक के अधिकारी को शामिल किया गया है। सरकारी सूत्रों ने न्यूज एजेंसी एएनआई को बताया कि जांच दल गवाहों के बयान दर्ज कर रहा है। इसमें वो लोग शामिल हैं, जो हादसे के वक्त आसपास मौजूद थे। ऐसे में उम्मीद जताई जा रही कि अगले दो हफ्ते में ये जांच पूरी हो जाएगी। वहीं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह खुद इस मामले की निगरानी कर रहे हैं। साथ ही सैन्य अफसरों से लगातार अपडेट ले रहे।
वेलिंगटन डिफेंस कॉलेज में था प्रोग्राम
आपको बता दें कि सीडीएस रावत, उनकी पत्नी और स्टाफ, वेलिंगटन डिफेंस सर्विसेज स्टाफ कॉलेज के प्रोग्राम में शामिल होने जा रहा था। तभी कुन्नूर की पहाड़ियों में MI-17 V5 हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे के बाद सीडीएस जिंदा थे, लेकिन अस्पताल ले जाते वक्त उन्होंने दम तोड़ दिया। 8 तारीख को ही घटना में 13 लोगों की मौत हुई थी, जबकि ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह जिंदा बच गए थे। बुधवार को बेंगलुरु में इलाज के दौरान उनका भी निधन हो गया।
एयरफोर्स ने बांटे कंबल
घटना के बाद तुरंत स्थानीय लोग मदद के लिए पहुंच गए थे, लेकिन स्ट्रेचर के अभाव में लोगों ने अपने घरों से कंबल और चद्दर लाकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। बाद में सेना, पुलिस और प्रशासन की टीम भी पहुंची। भारतीय वायुसेना ने मदद के लिए स्थानीय लोगों का आभार व्यक्त किया। साथ ही मदद में शामिल लोगों को कंबल-चद्दर बांटे।












Click it and Unblock the Notifications