CDS रावत को श्रद्दांजलि देने पहुंचे CM योगी और धामी, कहा- ये पूरे देश के लिए बहुत बड़ी क्षति है
नई दिल्ली, 10 दिसंबर: चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) बिपिन रावत समेत तमिलनाडु हेलिकॉप्टर क्रैश में जान गंवाने वाले सभी 13 लोगों को आज अंतिम विदाई दी जा रही है। जनरल बिपिन रावत का पार्थिव शरीर शुक्रवार को बेस हॉस्पिटल से उनके आवास पर रखा गया है। सीडीएस बिपिन रावत और मधुलिका रावत की बेटियों कृतिका और तारिनी ने अपने माता-पिता को श्रद्धांजलि दी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर सहित कई बड़े नेताओं ने जनरल रावत और उनकी पत्नी मधुलिका रावत को श्रद्धांजलि अर्पित की। दोपहर 3.30 बजे उनके पार्थिव शरीर को दिल्ली कैंट बराड़ चौक अंतिम संस्कार के लिए ले जाया जाएगा। शाम 4.45 पर 17 तोपों की सलामी के साथ उनका अंतिम संस्कार होगा। इस दौरान 800 जवान यहां मौजूद रहेंगे।

बिपिन रावत का जाना पूरे देश के लिए बहुत बड़ी क्षति है: पुष्कर सिंह धामी
सीडीएस बिपिन रावत के निधन पर उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह रावत ने कहा, 'ये पूरे देश के लिए बहुत बड़ी क्षति है। हम सभी बहुत दुखी हैं। उन्होंने हमेशा सेना के लिए काम किया। चाहे चीन के मामले हो या पाकिस्तान के मामले, हर मोर्चे पर हमेशा डट कर सामना किया। उन्हें अपनी जन्मभूमि से भी बहुत लगाव था।'

देश के लिए एक अपूरणीय क्षति है: मनोहर लाल खट्टर
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि सीडीएस जनरल बिपिन रावत का जाना देश के लिए बहुत बड़ी क्षति है। ये देश के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उनके जाने से पूरा देश गमगीन है। दुखी मन से हमें उन्हें विदा करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि देश के बहादुर बिग्रेडियर एल. एस. लिड्डर जिस प्रकार से दुर्घटना में गए हैं उससे देश को एक बहुत बड़ी हानि हुई है। अभी उनका प्रमोशन होने वाला था, वो देश की एक बड़ी कमान संभालने वाले थे, लेकिन वो हमें बीच में छोड़कर चले गए। इसका हमें बहुत कष्ट है।

देश ने एक योग्य सेनापति को खोया है: नरेंद्र सिंह तोमर
केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा, 'देश ने एक बहादुर सैनानी और एक योग्य सेनापति को खोया है। ये ऐसी क्षति है जिसकी भरपाई करना मुश्किल है। मैं दिवंगत आत्माओं के चरणों में अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। परमात्मा उनके परिजनों को ये दुख सहने की शक्ति दें।'

हमारा दुर्भाग्य है कि हमने इतने अच्छे सैनिक को खो दिया: मल्लिकार्जुन खड़गे
कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे और पूर्व रक्षा मंत्री एके एंटनी ने दिवंगत सीडीएस जनरल बिपिन रावत और उनकी पत्नी मधुलिका रावत को उनके आवास पर श्रद्धांजलि दी। राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, 'उनका जाना देश के लिए बहुत बड़ी क्षति है। ये हमारा दुर्भाग्य है कि हमने इतने अच्छे सैनिक को खो दिया है। हम आशा करते हैं कि परमात्मा उनके परिवार को ये दुख सहने की शक्ति दें।' उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के नेता मुलायम सिंह यादव ने भी जनरल बिपिन रावत और उनकी पत्नी मधुलिका रावत को श्रद्धांजलि दी।

बेबुनियाद अटकलों से बचें: वायुसेना
भारतीय वायुसेना ने कहा, 'भारतीय वायुसेना ने 8 दिसंबर को हुई दुखद हेलीकॉप्टर दुर्घटना के कारणों की जांच के लिए एक ट्राई सर्विस कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी का गठन किया। जांच तेजी से पूरी की जाएगी और तथ्य सामने आएंगे। तब तक मृतकों की गरिमा का सम्मान करने के लिए बेबुनियाद अटकलों से बचा जा सकता है।'












Click it and Unblock the Notifications