गैंगरेप की जांच करने हाथरस पहुंची CBIटीम, पुलिस से लिए दस्तावेज
नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में दलित युवती से कथित गैंगरेप और हत्या केस की जांच अब सीबीआई के पास पहुंच गई है। रविवार को सीबीआई की टीम गैंगरेप की जांच करने हाथरस पहुंची। इस टीम में शामिल एएसपी ने देर शाम एसपी विनीत जायसवाल से घटना की जानकारी ली। सीबीआई की टीम ने स्थानीय प्रशासन से कुछ कागजात मांगे हैं।

हाथरस केस की जांच एजेंसी की तेज तर्रार महिला डीएसपी सीमा पाहुजा को सौंपी गई है। सीबीआइ की एक टीम आज हाथरस पहुंची है, जहां उसने पुलिस से अब तक की जांच में सामने आने तथ्यों की जानकारी जुटाना शुरू कर दिया है।सीबीआई की टीम दिल्ली से अधिकारियों की ब्रीफिंग के बाद यहां पर पहुंची है। सीबीआई टीम के साथ फॉरेंसिक टीम भी मौजूद है। टीम 15 दिन तक हाथरस में रुक कर मामले की जांच करेगी।
सीबीआइ ने हाथरस के चंदपा थाने में घटना को लेकर युवती के भाई की ओर से 14 सितंबर को दर्ज कराई गई एफआइआर को अपने केस का आधार बनाया है।सीबीआई ने रविवार को ही इस मामले में केस दर्ज किया था। केस दर्ज करने से पहले यूपी सरकार ने सीबीआई को जांच की अनुशंसा भेजी थी।
हाथरस कांड की जांच के लिए यूपी सरकार पहले एसआईटी भी बना चुकी है, जिसे हाल ही में 10 और दिनों का वक्त दिया गया है। एसआईटी को होम सेक्रेटरी भगवान स्वरूप की अध्यक्षता में बनाया गया था और इसे 7 दिन में रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए थे। बाद में एसआईटी ने 10 दिन का वक्त और मांगा था, जिसपर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपनी स्वीकृति दे दी थी।












Click it and Unblock the Notifications