बिल्लियों को ना कोरोना संक्रमण होता है और ना इनसे वायरस फैलता है: मेनका गांधी
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी सांसद मेनका गांधी ने कहा है कि बिल्लियों को कोरोना वायरस नहीं होता है और ना ही ये इसे फैलाती है। ऐसे में बिल्लियों से कोरोना फैलने को लेकर चल रही किसी भी खबर को पहले अच्छे से तथ्यों पर परख लें। मेनका गांधी ने कहा, अगर आप टीवी पर देख रहे हैं कि किसी चिड़ियाघर के टाइगर को कोरोना हो गया है तो याद रखिए ये टाइगर है ना कि बिल्ली। दोनों में कोई संबध नहीं है। आपकी बिल्ली एकदम सुरक्षित है, उसका ख्याल रखिए। मेनका गांधी पशुओं के लिए भी काम करती हैं।

दो दिन पहले न्यूयार्क के ब्रॉन्क्स चिड़ियाघर की एक बाघिन में कोरोना वायरस का इंफेक्शन पाया गया है। अधिकारियों के मुताबिक 4 साल की बाघिन को संक्रमण चिड़ियाघर के ही किसी कर्मचारी से हुआ। यूएस डिपार्टमेंट ऑफ एंग्रीकल्चर नेशनल वैटरनिटी सर्विसेस लेबोरेट्री के मुताबिक जानवरों में कोरोना वायरस के संक्रमण का यह पहला मामला है। इससे पहले जानवरों में कोरोना संक्रमण के मामले दर्ज नहीं किए गए हैं।
बाघिन में कोरोना वायरस के संक्रमण की पुष्टि होने सा ना सिर्फ न्यूयॉर्क बल्कि दुनियाभर के स्वास्थ्य विशेषज्ञ चिंतित हैं। जानवरों में भी अगर कोरोना फैला तो ये बड़ी परेशानी का सबब बन सकता है। कहा जा रहा कि दूसरे जानवरों जैसे कुत्ते या बिल्ली में भी ये हो सकता है। इसको लेकर घरों में कुत्ते या बिल्ली रखने वाले लोगों में एक चिंता है। इसी को लेकर मेनका गांधी ने कहा है कि बिल्ली में कोरोना नहीं होता।
विश्व पशु स्वास्थ्य संगठन ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि इस बात का कोई सबूत नहीं है कि संक्रमित जानवर अपने से संक्रमण को और ज्यादा जानवरों में फैला सकते हैं। हालांकि उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि पालतू जानवरों के मालिक उन्हें जितना हो सके घरों के अंदर ही रखें।
कोरोना वायरस दुनियाभर में कहर बना हुआ है। दुनिया में इस वायरस से पीड़ितों की संख्या 13 लाख, 59 हजार हो गई है। वहीं अब तक 75 हजार से ज्यादा लोगों की जान ये वायरस ले चुका है। वहीं मंगलवार को भारत में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 4421 हो गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने बताा है कि पिछले 24 घंटों में कोरोना के 354 नए मामले सामने आए हैं। 326 लोगों को इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।












Click it and Unblock the Notifications