'INDIA' की पहली बैठक के बाद पुलिस को आया कॉल, ताज होटल को बम से उड़ाने की दी धमकी
मुंबई में इंडिया गठबंधन की पहली बैठक के एक दिन बाद पुलिस कंट्रोल को एक धमकी भरा फोन आने की खबर सामने आई है। बैठक में शामिल होने के लिए तमाम वीआईपी लोग पहुंच रहे थे। तभी एक कॉल करके कॉलर ने बताया कि मुंबई के होटल ताज को बम से उड़ाने वाले हैं।
बताते चलें कि कल यानी 31 अगस्त को मुंबई के ताज होटल में इंडिया गठबंधन की बैठक हुई थी। ऐसे में बैठक में शामिल होने वाले तमाम वीआईपी लोगों की सुरक्षा में मुंबई पुलिस लगी हुई थी। ऐसे में एक कॉल ने विभाग में उस वक्त हड़कंप की स्थिति पैदा हो गई, जब एक अधिकारी ने जानकारी दी कि कॉलर ने भारत में समुद्री मार्ग से दो पाकिस्तानियों के आने की सूचना दी और बताया कि वो शहर के ऐतिहासिक ताज होटल को बम से उड़ाने वाले हैं।

जब पुलिस ने मामले की छानबीन की तो पता चला कि कॉलर उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में है। इसके बाद पुलिस टीम ने उसे हिरासत में लिया। अब जगदंबा प्रसाद सिंह नाम के 36 वर्षीय कॉलर के खिलाफ आईपीसी की धारा 505(1)(B) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस इस पूरे मामले की छानबीन में भी जुट गई है।
बताते चलें कि मुंबई के कोलाबा इलाके में स्थित ताज होटल पर 2008 में आतंकी हमला हुआ था। 26 नवंबर, 2008 को पाकिस्तान के कम से कम दस लश्कर-ए-तैयबा समुद्र के रास्ते मुंबई में दाखिल हुए थे और कई सार्वजनिक स्थानों को निशाना बनाया था। आतंकियों ने ताज पैलेस, ओबेरॉय ट्राइडेंट, सीएसएमटी रेलवे स्टेशन, कामा अस्पताल, नरीमन हाउस यहूदी सामुदायिक केंद्र, मेट्रो सिनेमा, टाइम्स ऑफ इंडिया बिल्डिंग और सेंट जेवियर्स कॉलेज के पीछे एक गली में 8 सिलसिलेवार हमले किए।












Click it and Unblock the Notifications