CAA Protest: मंगलुरू हिंसा में जान गवांने वाले एक मृतक के परिवार को TMC ने दिए 5 लाख रुपए
कोलकाता। नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में पूरे देश में प्रदर्शन हो रहे हैं। विरोध- प्रदर्शन के दौरान कई स्थानों पर हिंसक घटनाएं भी हुईं, जिनमें दक्षिण भारत का राज्य कर्नाटक भी शामिल है। कर्नाटक के मंगलौर में हुई हिंसा के दौरान दो लोगों की मौत हो गई थी। दो में से एक मृतक के परिवार को तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के प्रतिनिधि दल ने शनिवार को 5 लाख रुपये की मुआवजा राशि सौंपी। वरिष्ठ नेता दिनेश त्रिवेदी के नेतृत्व में यहां टीएमसी प्रतिनिधि दल ने इन परिवारों से मुलाकात के बाद यह मुआवजा राशि उन्हें दी।

गौरतलब है कि टीएमसी नेताओं का एक प्रतिनिधिमंडल मृतकों के परिजनों से मुलाकात के लिए पिछले दिनों उत्तर प्रदेश भी गया था। प्रतिनिधिमंडल को उत्तर प्रदेश पुलिस ने लखनऊ एयरपोर्ट पर ही रोक लिया था। बाद में नेताओं को वापस कोलकाता रवाना कर दिया गया था। प्रतिनिधिमंडल में शामिल नेताओं ने हिरासत में लिए जाने का दावा किया था। बता दें कि कर्नाटक सरकार ने भी उत्तर प्रदेश सरकार की तर्ज पर ही मंगलौर में हुए उपद्रव के दौरान हुई क्षति की भरपाई उपद्रवियों से ही करने का ऐलान किया है।
उल्लेखनीय है कि कर्नाटक की येदियुरप्पा सरकार ने पहले मंगलूरू हिंसा में मारे गए दो लोगों को परिजनों को मुआवजा देने की घोषणा की थी। हालांकि बाद में येदियुरप्पा सरकार अपने फैसले से मुकर गई। जिसे लेकर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गुरुवार को भाजपा पर निशाना साधा। ममता ने कहा कि भाजपा अपने वादे पूरी नहीं करती है। उन्होंने घोषणा की कि उनकी सरकार मारे गए लोगों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये मुआवजे के रूप में देगी।












Click it and Unblock the Notifications