CAA Protest: यूपी में लगी धारा 144 तो अनुराग कश्यप बोले- दोबारा आ गई इमरजेंसी
लखनऊ। संशोधित नागरिकता कानून और एनआरसी के खिलाफ वामदलों ने गुरुवार को भारत बंद बुलाया है। यूपी में भी समाजवादी पार्टी और कई मुस्लिम संगठनों ने इस बंद का समर्थन किया है। वहीं, इस विरोध प्रदर्शन के मद्देनजर पूरे राज्य में धारा 144 लागू है। डीजीपी ओम प्रकाश सिंह ने कहा कि पूरे प्रदेश में धारा 144 के तहत निषेधाज्ञा लागू होने के मद्देनजर किसी भी तरह के प्रदर्शन की इजाजत नहीं है। वहीं, यूपी डीजीपी के ट्वीट पर बॉलीवुड डायरेक्टर अनुराग कश्यप की प्रतिक्रिया आई है।

दोबारा इमरजेंसी आ गई - अनुराग कश्यप
यूपी डीजीपी के ट्वीट पर प्रतिक्रिया देते हुए अनुराग कश्यप ने लिखा, 'दोबारा इमरजेंसी आ गई है।' अनुराग कश्यप के इस ट्वीट पर कई यूजर्स ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। डीजीपी ने अपने ट्वीट के जरिए लोगों से अपील की है, 'मैं सभी अभिभावकों से अपील करूंगा कि वे इस दिन अपने बच्चों को कहीं भी जाने के लिए प्रेरित न करें। उन्हें प्रदर्शन में जाने से मना करें, नहीं तो उनके खिलाफ कार्रवाई होगी।'
यूपी में लगी है धारा 144
बता दें कि यूपी ही नहीं, संशोधित नागरिकता कानून और एनआरसी के खिलाफ दिल्ली समेत कई राज्यों में आज प्रदर्शन हो रहे हैं। हजारों की संख्या में लोग मुस्लिम संगठनों और वाम दलों के नेतृत्व में सड़कों पर उतरे हैं। वे नागरिकता कानून और एनआरसी के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। वहीं खबर है कि दिल्ली के कुछ इलाकों में इंटरनेट सेवाएं भी बंद कर दी गई है। टेलीकॉम कंपनी की तरफ से भी इसकी पुष्टि की है कि कुछ इलाकों में इंटरनेट सेवाएं बंद हैं। दिल्ली पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान ना दें और निर्धारित जगहों पर ही प्रदर्शन करें।

नागरिकता संशोधन एक्ट के खिलाफ हो रहा प्रदर्शन
नागरिकता संशोधन एक्ट, 2019 को हाल ही में सदन से मंजूरी मिली है। इस कानून में पाकिस्तान, बांग्लादेश और अफगानिस्तान से आए हिंदू, जैन, सिख, बौद्ध, पारसी और ईसाई समुदाय के शरणार्थियों को नागरिकता का प्रस्ताव है। कांग्रेस समेत ज्यादातर विपक्षी दल और कई सामाजिक संगठन इस बिल का विरोध कर रहे हैं। पूर्वोत्तर के राज्यों के अलावा दिल्ली, बिहार, कर्नाटक, मुंबई और उत्तर प्रदेश में भी नागरिकता कानून और एनआरसी का विरोध हो रहा है।












Click it and Unblock the Notifications