अनुपम खेर ने शेयर किया Video, कहा-देश को बचाना हमारा कर्तव्य, लेकिन स्वार्थी लोगों से रहें सावधान
नई दिल्ली। मशहूर बॉलीवुड एक्टर और ज्वलंत मुद्दों पर खुलकर अपनी राय रखने वाले एक्टर अनुपम खेर ने नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में छात्रों के प्रदर्शन के बाद अब अपना एक वीडियो पोस्ट किया है, जो सोशल मीडिया पर खूब वायरल भी हो रहा है, इस वीडियो में अनुपम खेर छात्रों से शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने की अपील कर रहे हैं, अपने वीडियो में अनुपम खेर ने कहा है कि पिछले कुछ दिनों से जो कुछ भी देश में हो रहा है उसने मुझे विचलित और बेचैन कर दिया है।

छात्रों का विरोध करना गलत नहीं: अनुपम खेर
अनुपम खेर ने कहा कि छात्रों का विरोध करना गलत नहीं है लेकिन छात्रों को सावधान रहने की जरूरत है, क्योंकि जब विरोध प्रदर्शन में कुछ असमाजिक तत्व अपने स्वार्थ पूर्ति के लिए जुट जाएं तो ऐसे में विरोध प्रदर्शन घातक हो जाता है, मैं छात्रों से शांतिपूर्वक प्रदर्शन की अपील करता हूं। हम सब अपनी जिंदगी के किसी न किसी मुकाम पर छात्र रहे हैं। हम सभी ने आंदोलनों में भाग लिया है और वो आंदोलन आमतौर पर सरकार के खिलाफ ही रहे हैं।
स्वार्थी लोगों से रहें सावधान: अनुपम खेर
छात्रों के आंदोलनों पर मैं कोई टिप्पणी नहीं करूंगा, बल्कि ये भी कहूंगा कि स्वतंत्र भारत में ये उनका अधिकार है। लेकिन जब ऐसे तत्व जो देश को हानि पहुंचाना चाहते हैं, वो छात्रों के आंदोलनों में भाग लेना शुरू करें और अपने स्वार्थ के लिए देश को नुकसान पहुंचाए तो ये सब आगे चलकर हमारे भविष्य के लिए हमारे देश के भविष्य के लिए और हमारे छात्रों के भविष्य के लिए हानिकारक सिद्ध हो सकता है।'

आज बिहार में राजद का बंद
गौरतलब है कि नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ देश भर में प्रदर्शन का दौर जारी है, बिहार में राष्ट्रीय जनता दल ने आज बंद का आह्वान किया है, बंद समर्थकों ने जगह-जगह ट्रेनें रोकनी शुरू कर दी है, अररिया में आरजेडी और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने फारबिसगंज रेलवे स्टेशन पर जोगबनी से कटिहार जा रही एक ट्रेन को रोक दिया है।
ओवैसी भी करेंगे विरोध प्रदर्शन
हैदराबाद में भी आज AIMIM सांसद ओवैसी नागरिकता कानून और एनआरसी के खिलाफ प्रदर्शन करने वाले हैं, इस बीच दिल्ली में शुक्रवार को दरियागंज में हिंसक प्रदर्शन हुआ, इस दौरान दिल्ली गेट में हिंसा कर रहे 40 लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया था, हालांकि, इसके विरोध में पुलिस मुख्यालय के बाहर लोग धरने पर बैठ गए, इसके बाद 40 प्रदर्शनकारियों को छोड़ दिया गया।












Click it and Unblock the Notifications