उपचुनाव 2021: 3 लोकसभा और 29 विधानसभा सीटों पर कल होगी वोटों की गिनती, इसलिए भी अहम हैं नतीजे
नई दिल्ली, 01 नवंबर। देश के 13 राज्यों में तीन लोकसभा सीटों और 29 विधानसभा सीटो पर उपचुनाव के लिए मतदान हो चुका है। कल यानी 2 नवंबर को चुनाव आयोग सभी उपचुनाव के नतीजों की घोषणा करेगा। इलेक्शन कमीशन की आधिकारिक वेबसाइट के मुताबिक मंगलवार की सुबह 8 बजे से नतीजों का ऐलान किया जाएगा। बता दें कि लोकसभा और विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में कई राजनीतिक पार्टियों की साख दांव पर लगी हुई है। अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के नजरिए से भी यह अहम है।

गौरतलब है कि साल 2022 में देश के पांच बड़े राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं जिसे लेकर राजनीतिक पार्टियों ने तैयारी शुरू कर दी है। बीते शनिवार खत्म हुए उपचुनाव के लिए मतदान के बाद अब राजनीतिक गलियारे में रिजल्ट की घोषणा को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। माना जा रहा है कि अधिकतर सीटों पर टक्कर भाजपा और कांग्रेस के बीच होगी। उपचुनाव को आगामी विधानसभा चुनाव में राजनीतिक पार्टियों के प्रदर्शन से भी जोड़कर देखा जा रहा है।
यह भी पढ़ें: उपचुनाव की वोटिंग से पहले लालू ने बड़े बीजेपी नेता से की मुलाकात, बिहार की राजनीति गरमाई
बताया जा रहा है कि कल (मंगलवार) सामने आने वाले उपचुनाव के नतीजो से न सिर्फ विधानसभा के नए सियासी समीकरण का अंदाजा लगेगा बल्कि यह भी पता चलेगा कि हवा का रुख किस तरफ है। ऐसी कई और वजहें हैं जिनके चलते बाईपोल के रिजल्ट का बेसब्री से इंतजार किया जा रहा है। इसे देशव्यापी सर्वे के तौर पर भी देखा जा रहा है। बता दें कि मंगलवार को तीन लोकसभा सीटें (दादर नगर हवेली, खंडवा और मंडी) को उपचुनाव के अलावा असम, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, मेघालय, बिहार, राजस्थान, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, हरियाणा, महाराष्ट्र, मिजोरम और तेलंगाना के विधानसभा सीटों पर मतगणना होगी।
इस प्रकार हैं सीटें:
असम-5
पश्चिम बंगाल-4
मध्य प्रदेश-3
हिमाचल प्रदेश-3
मेघालय-3
बिहार-2
राजस्थान-2
कर्नाटक-2
आंध्र प्रदेश-1
हरियाणा-1
महाराष्ट्र-1
मिजोरम-1
तेलंगाना-1












Click it and Unblock the Notifications