उपचुनाव की वोटिंग से पहले लालू ने बड़े बीजेपी नेता से की मुलाकात, बिहार की राजनीति गरमाई
नई दिल्ली, 30 अक्टूबर: बीजेपी नेता और पूर्व राज्यसभा सांसद आरके सिन्हा ने शुक्रवार को आरजेडी चीफ लालू यादव से मुलाकात की। ये मुलाकात राज्य की दो सीटों पर विधानसभा उपचुनाव के लिए वोटिंग से एक दिन पहले हुई, ऐसे में राजनीतिक सरगर्मियां बढ़ गई हैं। कांग्रेस ने तो यहां तक आरोप लगा दिया कि आने वाले दिनों में बीजेपी और आरजेडी के बीच गठबंधन हो सकता है।

पूर्व सीएम राबड़ी देवी के आवास पर हुई बैठक में राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव और आरजेडी राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शिवानंद तिवारी भी शामिल थे। बैठक के बाद सिन्हा ने कहा कि ये मुलाकात सिर्फ लालू प्रसाद यादव का हालचाल लेने के लिए हुई थी। वो आरजेडी चीफ को पटना विश्वविद्यालय छात्रसंघ के दिनों से जानते हैं। दोनों ने दो घंटे साथ बिताए, लेकिन कोई भी राजनीतिक चर्चा नहीं हुई। उन्होंने सिर्फ उन जगहों के बारे में बात की, जहां पर उनका इलाज हो सकता है।
वहीं कांग्रेस सिन्हा की सफाई से संतुष्ट नहीं है। कांग्रेस प्रवक्ता आनंद मदाब ने कहा कि इस मुलाकात से साबित होता है कि हमारे पहले के आरोप सही थे। आरजेडी और बीजेपी ने एक गुप्त समझौता किया है। ये नेता किस बात पर बातचीत और चर्चा कर रहे थे? हालांकि आरजेडी ने भी कांग्रेस के आरोपों का खंडन किया। पार्टी प्रवक्ता चितरंजन गगन ने कहा कि दोनों एक-दूसरे को लंबे वक्त से जानते हैं। आरजेडी को किसी से सेक्युलर सर्टिफिकेट लेने की जरूरत नहीं है। व्यक्तिगत संबंधों को राजनीति से नहीं जोड़ा जाना चाहिए।
'नीतीश की सरकार गिरा देंगे लालू'
वहीं उपचुनाव से पहले लालू यादव ने कहा कि इस उपचुनाव में वो दोनों सीटें जीत रहे हैं, इसके बाद वो नीतीश कुमार की सरकार को गिरा देंगे। प्रदेश में सरकार गिराने का फॉर्मूला भी तैयार कर लिया गया है। लालू लगातार नीतीश कुमार पर निशाना साध रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications