रांची के छात्रों से भरी बस गंगटोक में हादसे का शिकार, 22 घायल, CM सोरेन ने सिक्किम के सीएम से की बात
गंगटोक, 28 जून। सिक्मिक के गंगटोक में एक बड़ा हादसा हुआ है। रांची से छात्रों को ले जा रही एक बस हादसे का शिकार हो गई है। हादसे में 22 छात्र घायल बताए जा रहे हैं। ये सभी छात्र एक शैक्षणिक भ्रमण पर थे और सिलीगुड़ी से लौट रहे थे।

रिपोर्ट के मुताबिक रांची के सेंट जेवियर कॉलेज के छात्रों का ग्रुप शैक्षणिक भ्रमण पर सिक्किम आया हुआ था। रांची से छात्रों की तीन बसें यहां आई थीं। मंगलवार को ये बसें छात्रों को लेकर लौट रही थीं इसी दौरान एक बस गंगटोक के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर पलट गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और घायल छात्रों को रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया गया। 22 छात्रों के घायल होने की सूचना है जिनका इलाज चल रहा है।
झारखंड सीएम सोरेन ने की बात
हादसे की जानकारी मिलते ही झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन ने सिक्किम के सीएम प्रेम सिंह तमांग से फोन पर बात की है और छात्रों के समुचित इलाज के बारे में चर्चा की।
हेमंत सोरेन ने ट्वीट कर लिखा "अभी-अभी जानकारी मिली है कि शैक्षिक भ्रमण पर संत जेवियर कॉलेज राँची के बच्चों को गंगटोक ले जा रही एक बस गंगटोक के नजदीक, रानी पुल के पास हादसे का शिकार हो गयी। मैंने सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग जी से बात की है। बच्चों के समुचित इलाज की व्यवस्था की जा रही है।"
मौसम बना एयरलिफ्ट में बाधा
छात्रों को एयरलिफ्ट कर लाने की भी तैयारी की जा रही है। सीएम सोरेन ने लिखा "बच्चों को एयर लिफ्ट करने को भी तैयार रहने के लिए मैंने RC को निर्देश दिया है। फिलहाल स्थानीय खराब मौसम के कारण हम बच्चों को एयर लिफ्ट नहीं कर पा रहे हैं इसलिए वहीं समुचित इलाज की व्यवस्था करवायी गयी है।"












Click it and Unblock the Notifications