देश को 'शहंशाह' की तरह चलाने की कोशिश..., जानिए संसद में राहुल गांधी के भाषण की 5 बड़ी बातें
नई दिल्ली, 03 फरवरी। देश की संविधान का मंदिर कहे जाने वाले संसद में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के भाषण को लेकर अब माहौल गरमाया हुआ है। बीते बुधवार राहुल गांधी को जब लोकसभा में बोलने का मौका मिला तो उन्होंने केंद्र सरकार को हर तरफ से घेरने की कोशिश की। उन्होंने चीन-पाकिस्तान के बीच गाढ़ी हुई दोस्ती के लिए मोदी सरकार को जिम्मेदार ठहराया, तो वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि देश को 'शहंशाह' की तरह चलाने की कोशिश हो रही है। राहुल गांधी यहीं नहीं रुके उन्होंने पेगासस, बोरोजगारी और उद्योगपतियों के साथ सरकार की दोस्ती समेत कई मुद्दों पर संसद में उठाया।

1. आपकी वजह से पास आए चीन-पाकिस्तान
लोकसभा में अपने भाषण में राहुल गांधी ने केंद्र सरकार की विदेश नीतियों की कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि सरकार की गलत नीतियों के चलते चीन और पाकिस्तान एकजुट हुए। विदेश नीति की पहली प्राथमिकता यही है कि चीन और पाकिस्तान को एक-दूसरे से अलग रखा जाए। राहुल के इस बयान से अब बीजेपी और केंद्रीय मंत्रियों में भी बौखलाहलट दिखाई दे रही है।
यह भी पढ़ें: संसद में राहुल गांधी के बयान पर अमेरिका ने कहा, हम इसका समर्थन नहीं करते हैं
2. मोदी सरकार में दो हिंदुस्तान
अपने भाषण में राहुल गांधी ने मोदी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि वर्तमान प्रशासन में दो हिंदुस्तान बन गए हैं। इनमें से एक अमीरों का है तो दूसरा गरीबों के लिए। राहुल ने कहा, आप ये मत सोचो कि जिस गरीब हिन्दुस्तान को आप बना रहे हो ये चुप बैठा रहेगा, ये चुप नहीं बैठा रहेगा। इस हिन्दुस्तान को दिख रहा है कि आज हिन्दुस्तान के 100 सबसे अमीर लोगों के पास हिन्दुस्तान के 55 करोड़ लोगों से ज़्यादा जायदाद है, ये नरेंद्र मोदी जी ने किया है।
3. दो बड़े उद्योगपतियों पर निशाना
कांग्रेस नेता ने देश के दो बड़े उद्योगपतियों को भी आड़े हाथ लिया, हालांकि उन्होंने नाम सिर्फ गौतम अडानी का लिया। उन्होंने कहा, कोरोना के समय अलग अलग वैरिएंट्स आते हैं। ये दो (उद्योगपति) भी दो अलग-अलग वैरिएंट्स हैं। एए वैरिएंट। ये हिंदुस्तान की अर्थव्यवस्था में फैल रहा है। एक व्यक्ति को हिंदुस्तान के सभी पोर्ट्स, एयरपोर्ट्स, पावर, ट्रांसमिशन, माइनिंग, ग्रीन एनर्जी, गैस, एडिबल ऑयल, उधर अडानी जी दिखाई देते हैं।
4. बेरोजगारी
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के अभिभाषण का जिक्र करते हुए राहुल गांधी ने कहा, गरीब हिन्दुस्तान के पास आज रोजगार नहीं है। राष्ट्रपति के अभिभाषण में बेरोजगारी के बारे में एक शब्द नहीं था। 2021 में 3 करोड़ युवाओं ने रोजगार खोया है, 50 साल से सबसे ज़्यादा बेरोजगारी आज हिन्दुस्तान में है। आपने मेक इन इंडिया, स्टार्टअप इंडिया की बात की लेकिन जो रोजगार हमारे युवाओं को मिलना चाहिए वो नहीं मिला और जो था वो गायब हो गया।
5. शहंशाह की तरह देश चलाने की कोशिश
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर बड़ा हमला बोलते हुए कहा कि देश को 'शहंशाह' की तरह चलाने की कोशिश हो रही है। केंद्र की भाजपा सरकार विभिन्न राज्यों की आवाज दबा रही है, लेकिन उसे इसका आभास नहीं है कि देश के 'संस्थागत ढांचे' पर हमले की प्रतिक्रिया हो सकती है।












Click it and Unblock the Notifications