Budget 2026: अमित शाह बोले- '2047 तक विकसित भारत के रोडमैप वाला बजट है ये, शक्ति देकर सपनों को करेगा पूरा'
Budget 2026: भारत की केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आज संसद में वित्तीय वर्ष 2026-27 का आम बजट पेश कर रही हैं। यह उनके कार्यकाल का लगातार नौवां बजट है, जो अपने आप में एक ऐतिहासिक उपलब्धि मानी जा रही है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने #ViksitBharatBudget पर प्रतिक्रिया देते हुए इसे देश के भविष्य को मजबूत करने वाला और 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने वाला ऐतिहासिक बजट बताया। उन्होंने कहा कि यह बजट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में आत्मनिर्भर, समावेशी और सुरक्षित भारत के निर्माण की दिशा में एक ठोस कदम है।

गृह मंत्री ने कहा कि यह बजट गांव, गरीब, किसान, महिलाएं और युवा-सभी के सशक्तिकरण को केंद्र में रखता है। उत्पादन, स्टार्टअप्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डिजिटल इकोनॉमी और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर पर विशेष जोर देकर देश की आर्थिक नींव को और मजबूत किया गया है। इससे रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और युवाओं को वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार किया जा सकेगा।
अमित शाह ने ग्रामीण स्वास्थ्य, सड़क, आवास और कनेक्टिविटी से जुड़ी घोषणाओं की सराहना करते हुए कहा कि इन कदमों से गांवों और कस्बों में जीवन स्तर बेहतर होगा और क्षेत्रीय असमानताएं कम होंगी। उन्होंने यह भी कहा कि तीर्थस्थलों और सांस्कृतिक विरासत के विकास से न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था और रोजगार को भी नई गति मिलेगी।
गृह मंत्री के अनुसार, बजट में किसानों की आय बढ़ाने, कृषि अवसंरचना को सुदृढ़ करने और तकनीक आधारित समाधानों को बढ़ावा देने पर जो फोकस है, वह ग्रामीण भारत की तस्वीर बदलने में अहम भूमिका निभाएगा। महिलाओं के लिए कौशल विकास, वित्तीय समावेशन और उद्यमिता को प्रोत्साहन देने वाले प्रावधान उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में मील का पत्थर हैं। उन्होंने कहा कि यह बजट सिर्फ आंकड़ों का दस्तावेज नहीं, बल्कि आने वाले 25 वर्षों के लिए एक स्पष्ट रोडमैप है, जो भारत को सुरक्षित, समृद्ध और विकसित राष्ट्र बनाने की नींव रखता है।












Click it and Unblock the Notifications