बजट में निर्मला सीतारमण ने आधार और पैन कार्ड को लेकर किया बड़ा ऐलान
अपने 2 घंटे 15 मिनट के बजट भाषण में निर्मला सीतारमण ने आधार और पैन कार्ड को लेकर किया बड़ा ऐलान
नई दिल्ली। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने शुक्रवार को संसद में मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल का बजट पेश किया। बजट पेश करने के दौरान निर्मला सीतारमण ने आधार और पैन कार्ड को लेकर एक बड़ा ऐलान किया। अपने 2 घंटे 15 मिनट के बजट भाषण में करदाताओं को एक राहत देते हुए निर्मला सीतारमण ने कहा कि इनकम टैक्स रिटर्न दाखिल करते समय अगर किसी के पास पैन कार्ड नहीं है तो वो आधार नंबर दाखिल करके भी रिटर्न दाखिल कर सकते हैं। अभी तक के नियमों के मुताबिक इनकम टैक्स रिटर्न दाखिल करते समय पैन नंबर देना अनिवार्य होता था।

पैन और आधार को विनिमेय बनाने का प्रस्ताव
निर्मला सीतारमण ने अपने भाषण में कहा, 'आज 120 करोड़ से ज्यादा भारतीयों के पास आधार कार्ड हैं, इसलिए करदाताओं की आसानी के लिए मैं पैन कार्ड और आधार कार्ड को विनिमेय बनाने का प्रस्ताव रखती हूं और जिन लोगों के पास पैन कार्ड नहीं है, वे केवल आधार नंबर देकर अपनी इनकम टैक्स रिटर्न दाखिल कर सकते हैं। इसके अलावा जहां भी उन्हें पैन कार्ड की आवश्यकता है, वहां भी आधार कार्ड का इस्तेमाल कर सकते हैं।' निर्मला सीतारमण ने कहा कि इसके अलावा आम करदाताओं को इनकम टैक्स रिटर्न दाखिल करने की सुविधा के लिए पहले से भए हुए रिटर्न फार्म उपलब्ध कराए जाएंगे।

अमीरों पर बढ़ा टैक्स
आपको बता दें कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट में जहां मध्यम आय वर्ग के लोगों को राहत दी है, वहीं अमीरों पर टैक्स बढ़ाने का ऐलान किया है। निर्मला सीतारमण ने कहा कि दो से पांच करोड़ रुपए तक की आय वाले लोगों पर 3 फीसदी सरचार्ज के तौर पर ज्यादा टैक्स लगेगा। वहीं 5 करोड़ से ज्यादा आय वालों को 7 फीसदी सरचार्ज के तौर पर ज्यादा टैक्स देना होगा। उन्होंने कहा कि 5 लाख रुपए तक की सालाना आय वाले लोगों को कोई टैक्स देने की जरूरत नहीं। टैक्स स्लैब में कोई बदलाव नहीं किया गया है, वहीं निवेश पर भी छूट बढ़ी है।

पेट्रोल और डीजल पर 1-1 रुपये का अतिरिक्त सेस
इन घोषणाओं के अलावा वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कैश में बिजनस पेमेंट को कम करने के लिए टीडीएस लगाने का फैसला लिया है। बैंक से एक करोड़ रुपये की निकासी पर 2 फीसदी टैक्स देना होगा। वित्त मंत्री के बजट भाषण में एक और अहम ऐलान किया गया है। अब सस्ते घरों के लिए ब्याज पर 3.5 लाख रुपये की छूट मिलेगी। बजट भाषण के दौरान उन्होंने बताया कि इस साल बजटीय घाटा 3.4 फीसदी से घटकर 3.3 फीसदी पर आया है। पेट्रोल और डीजल पर 1-1 रुपये का अतिरिक्त सेस लगेगा। इलेक्ट्रिक वाहनों को प्रोत्साहन मिलेगा। सोने और बहुमूल्य धातुओं पर उत्पाद शुल्क 10 से बढ़कर होगा 12.5 फीसदी किया गया।

अन्नदाता' को 'ऊर्जादाता' बनाने पर काम
वहीं, निर्मला सीतारमण ने केंद्र सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि हम कृषि के बुनियादी ढांचे में व्यापक रूप से निवेश करेंगे। 'अन्नदाता' को 'ऊर्जादाता' बनाने पर काम होगा। किसानों के उत्पाद से जुड़े कामों में प्राइवेट उद्यमिता को बढ़ावा दिया जाएगा। निर्मला सीतारमण ने कहा, 'हम किसानों की उपज बढ़ाने के अलावा प्राइवेट उद्यमिता का समर्थन करेंगे और जिससे किसानों के उत्पादन में बढ़ोतरी को सुविधा मिलेगी। इसके साथ-साथ किसानों के लिए सहयोगी गतिविधियों पर जोर दिया जाएगा, जैसे बांस, लकड़ी और नवीकरणीय ऊर्जा पैदा करने के अवसर भी उपलब्ध कराएंगे। कृषि की संरचना में निवेश को बढ़ावा दिया जाएगा। 10 हजार नए किसान उत्पादक संघ बनेंगे। कॉपोरेटिव के जरिए डेयरी उद्योग को बढ़ावा देने का प्रस्ताव है। पिछले डेढ़ साल में दलहन में हमारे किसानों ने क्रांति किया है। कृषि संरचना में भी बड़े निवेश का लक्ष्य है। जीरो बजट फर्मिंग के जरिए किसानों की आमदनी दोगुनी करने में मदद मिलेगी।'












Click it and Unblock the Notifications