बीएसपी सुप्रीमो मायावती ने दी धमकी, कहा- 'नहीं बदली दलितों की दशा तो बौद्ध धर्म अपना लूंगी'
आजमगढ़ (यूपी)। केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों से नाराज बीएसपी सुप्रीमो मायावती ने बड़ी धमकी दी है। उन्होंने हिंदू धर्म छोड़ने की धमकी दे दी है। उन्होंने कहा कि अगर दलितों की दशा में बदलाव नहीं आया तो वो हिंदू धर्म छोड़कर बौद्ध धर्म अपना लूंगी। बसपा सुप्रीमो आजमगढ़ में एक रैली को संबोधित करने पहुंची थी। इसी दौरान उन्होंने अपनी बात रखते हुए धर्म परिवर्तन करने की धमकी दी है। उन्होंने कहा कि देश और राज्य में भाजपा की सरकार है। यह सरकार दलितों के साथ अन्याय कर रही है। मायावती ने बीजेपी पर अपनी हत्या करवाने की साजिश रचने का भी आरोप लगाया है।

मायावती ने केंद्र की मोदी सरकार और यूपी में योगी सरकार पर साधा निशाना
आजमगढ़ में रैली को संबोधित करने पहुंची बसपा सुप्रीमो मायावती ने केंद्र की मोदी सरकार और यूपी में योगी आदित्यनाथ सरकार की नीतियों पर नाराजगी जताते हुए दोनों सरकारों पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि देश और राज्य में भाजपा की सरकार है। यह सरकार दलितों के साथ अन्याय कर रही है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि दलितों और दबे कुचले लोगों की दशा में सुधार नहीं हुआ तो वह समर्थकों के साथ बौद्ध धर्म अपना लेंगी। उन्होंने निकाय चुनाव में भाजपा को हराने की अपील की।

आजमगढ़ की रैली में मायावती का ऐलान
इतना ही नहीं बीएसपी सुप्रीमो मायावती ने बीजेपी पर अपनी हत्या करवाने की साजिश रचने का भी आरोप लगाया। बीजेपी सरकार पर हमला करते हुए उन्होंने कहा कि बीजेपी आगामी लोकसभा चुनाव में वोट बैंक को मजबूत करने के लिए सर्जिकल स्ट्राइक का नाटक कर सकती है। चुनाव से पहले बीजेपी सांठगांठ से दाऊद इब्राहिम को भारत ला सकती है। हमें बीजेपी के फर्जी दावों में नहीं पड़ना चाहिए। हम लोगों को बीजेपी के झांसे से बाहर लाएंगे।

आगामी चुनावों की रणनीति बनाने में जुटी मायावती
आजमगढ़ की इस रैली में आजमगढ़ मंडल के 21, वाराणसी के 28 और गोरखपुर के 27 विधानसभा से हजारों कार्यकर्ता पहुंचे थे। मायावती ने इस रैली के माध्यम से यूपी में होने वाले आगामी निकाय चुनाव और लोकसभा चुनाव की रणनीति भी तैयार कर ली। उन्होंने खासतौर पर दलित-मुस्लिम गठजोड़ फिर से मजबूत करने पर जोर दिया। मायावती आने वाले चुनाव के मद्देनजर कार्यकर्ताओं में जोश भरने के लिए आजमगढ़ पहुंचीं थी। अपने तय समय से करीब एक घंटे की देरी से पहुंची पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने यहां तीन मंडलों के कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उनके निशाने पर मोदी और योगी सरकार ही थी।












Click it and Unblock the Notifications